लखनऊ. सीबीएसई परीक्षा में हुई गड़बड़ी के बाद राहुल गांधी ने COEMPT EDUTECK PVT. LTD. पर सवाल खड़े किए हैं. जिसे लेकर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा, जिस COEMPT EDUTECK PVT. LTD. को लेकर आज राहुल गांधी जी सवाल खड़े कर रहे हैं, उसी कंपनी को कांग्रेस शासित राज्यों के विश्वविद्यालयों ने बार-बार काम सौंपा. कंपनी यदि इतनी ही ‘संदिग्ध’ थी तो तेलंगाना और कर्नाटक की कांग्रेस सरकारों ने उसे तकनीकी सेवाओं के लिए क्यों चुना?

इसे भी पढ़ें- जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो! कानून व्यवस्था को लेकर अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर साधा निशाना, लगाए गंभीर आरोप

आगे पंकज चौधरी ने कहा, सच्चाई यह है कि सरकारी संस्थाओं में किसी भी कंपनी को काम देने से पहले उसकी तकनीकी क्षमता, अनुभव और कार्यकुशलता का मूल्यांकन किया जाता है, लेकिन राहुल गांधी जी को तथ्यों से कोई मतलब नहीं उन्हें सिर्फ झूठा नैरेटिव बनाकर सुर्खियां चाहिए.

आगे उन्होंने कहा, दस्तावेज बताते हैं कि Telangana State Health University ने खुद अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर कंपनी के कार्यों की सराहना की. अब क्या राहुल गांधी अपनी ही पार्टी की सरकारों पर भी सवाल उठाएंगे? या फिर हमेशा की तरह आधा सच बोलकर देश को गुमराह करेंगे?

इसे भी पढ़ें- कहां हैं वो ‘खुफियाजीवी’ लोग? CBSE मामले को लेकर अखिलेश का निशाना, कहा- जांच से कुछ हासिल नहीं होगा, सिस्टम तो वही है

पंकज चौधरी ने ये भी कहा कि छात्रों और अभिभावकों के मन में डर और भ्रम फैलाना कांग्रेस की आदत बन चुकी है. शिक्षा जैसे गंभीर विषय पर भी राजनीति करना राहुल गांधी जी की अवसरवादी सोच को दिखाता है. देश अब इनके फेक नैरेटिव और राजनीतिक ड्रामेबाजी से ऊपर उठ चुका है और जनता इनके बहकावे में नहीं आने वाली है.