सतीश सिंह, लखनऊ. अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा चोरी प्रकरण के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई थी.

इसे भी पढ़ें- सांसद संभालें या सत्ताईस? डगमगा रही अखिलेश की ‘साइकिल’, कमाल अख्तर के इस्तीफे के बाद सांसदों की टूट की अटकलें तेज

अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, महंत नृत्य गोपाल दास को सांस लेने में तकलीफ और यूरिन संक्रमण की शिकायत है. एहतियात के तौर पर उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है.

मेदांता अस्पताल के निदेशक डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि महंत की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. यह पहली बार नहीं है जब महंत नृत्य गोपाल दास को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया हो. इससे पहले इसी वर्ष जनवरी में भी उनकी तबीयत खराब होने पर उनका उपचार मेदांता अस्पताल में किया गया था, जिसके बाद वह स्वस्थ होकर लौट आए थे.

इसे भी पढ़ें- यार के साथ मौत का सफरः शादी में शामिल होकर लौट रहे थे 2 दोस्त, हुआ कुछ ऐसा कि दोनों की घर पहुंची लाश

महंत नृत्य गोपाल दास राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख संतों में गिने जाते हैं. वह आंदोलन के शुरुआती दौर से ही इससे जुड़े रहे और उन्होंने अपना पूरा जीवन राम मंदिर निर्माण के लिए समर्पित कर दिया. वर्ष 1986 में वह राम जन्मभूमि मुक्ति यज्ञ समिति के उपाध्यक्ष बने, जबकि 1992 के बाद विश्व हिंदू परिषद द्वारा गठित राम जन्मभूमि न्यास के प्रमुख की जिम्मेदारी संभाली.

वर्तमान में वह श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं. राम मंदिर आंदोलन के दौरान न्यायालयी लड़ाई, जनआंदोलन और संत समाज को एकजुट करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है. मणिराम दास छावनी के महंत के रूप में उन्होंने बड़ी संख्या में साधु-संतों को संगठित किया और मंदिर निर्माण आंदोलन को गति दी. भूमि पूजन से लेकर रामलला की प्राण प्रतिष्ठा तक के सभी प्रमुख आयोजनों में उनकी सक्रिय उपस्थिति भी रही है.