लखनऊ. उत्तर प्रदेश को केंद्र सरकार से वित्तीय मोर्चे पर बड़ी राहत मिली है. करों के बंटवारे (टैक्स डिवोल्यूशन) की अग्रिम किस्त के रूप में 19,208 करोड़ रुपये जारी किए जाने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करते हुए इसे ‘सहकारी संघवाद’ का मजबूत उदाहरण बताया है.
इसे भी पढ़ें- खाकी वाला ‘खलनायक’! शादी का झांसा देकर दरोगा ने महिला से किया रेप, अश्लील फोटो और VIDEO बनाकर…
मुख्यमंत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति उत्तर प्रदेश को समय से पहले कर हिस्सेदारी की राशि उपलब्ध कराने के लिए हार्दिक धन्यवाद. उन्होंने कहा कि यह सहयोग केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय तथा सहकारी संघवाद की भावना को प्रतिबिंबित करता है.
सीएम योगी ने कहा कि 19,208 करोड़ रुपये की यह अग्रिम राशि राज्य की वित्तीय क्षमता को और मजबूत करेगी. इसके जरिए आधारभूत ढांचे के निर्माण, विकास परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को गति मिलेगी. उन्होंने विश्वास जताया कि इस वित्तीय सहयोग से प्रदेश में चल रही विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी और जनता को उसका सीधा लाभ मिलेगा. उत्तर प्रदेश सरकार एक विकसित और आत्मनिर्भर राज्य के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है. केंद्र सरकार का यह समय पर मिला सहयोग उस लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
इसे भी पढ़ें- हर गुनाह का होगा हिसाबः ATS को मिली बड़ी सफलता, 10 साल बाद धराया माओवादी, जानिए कैसे रची थी सरकार के खिलाफ साजिश
गौरतलब है कि टैक्स डिवोल्यूशन के तहत केंद्र सरकार राज्यों को केंद्रीय करों में उनकी निर्धारित हिस्सेदारी देती है. उत्तर प्रदेश को 19,208 करोड़ रुपये की अग्रिम किस्त जारी होने से राज्य सरकार के पास विकास कार्यों और लोककल्याणकारी योजनाओं के लिए अतिरिक्त वित्तीय संसाधन उपलब्ध होंगे, जिससे बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक सेवाओं के विस्तार को भी बल मिलने की उम्मीद है.


