लखनऊ. उत्तर प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र में निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए योगी सरकार अगले माह मुंबई में बड़े रोड-शो का आयोजन करेगी. पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निवेशकों को आकर्षित करने और प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की जाए.
इसे भी पढ़ें- सांसद संभालें या सत्ताईस? डगमगा रही अखिलेश की ‘साइकिल’, कमाल अख्तर के इस्तीफे के बाद सांसदों की टूट की अटकलें तेज
बुधवार को पर्यटन भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने में पर्यटन क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है. उन्होंने कहा कि अगस्त के मध्य में मुंबई में आयोजित होने वाला रोड-शो निवेशकों को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों और नई नीतियों से जोड़ने का बड़ा मंच बनेगा.
मंत्री ने जताई नाराजगी
जयवीर सिंह ने डेलॉयट संस्था के अधिकारियों से कहा कि तैयार की गई कार्ययोजनाओं का असर धरातल पर दिखाई देना चाहिए. उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि पिछले डेढ़ वर्षों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है और अब प्रस्तावित योजनाओं को तेजी से लागू करने की जरूरत है.
इसे भी पढ़ें- सत्ता के लिए संविधान और राम ही सहारा! जन्मदिन पर अखिलेश ने भाजपा पर बोला तीखा हमला, जानिए सपा सुप्रीमो ने ऐसा क्या कहा?
उन्होंने काशी, विंध्याचल धाम और नैमिषारण्य में निवेश एवं पर्यटन संसाधनों के प्रचार-प्रसार के लिए तीन दिनों के भीतर विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए. साथ ही प्रदेश के 12 पर्यटन परिपथों से जुड़े स्थलों का सोशल मीडिया और रोड-शो के माध्यम से व्यापक प्रचार सुनिश्चित करने पर जोर दिया. बैठक में बताया गया कि अयोध्या, लखनऊ और मथुरा में पर्यटन क्षेत्र में सर्वाधिक निवेश प्राप्त हुआ है.
‘देखो यूपी अभियान हो संचालित”
मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने सुझाव दिया कि पूरे प्रदेश में “देखो यूपी अभियान” को व्यापक स्तर पर चलाया जाए, ताकि पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार के साथ निवेश की संभावनाओं को भी नई गति मिल सके. उन्होंने आगामी चार महीनों में कार्ययोजना के परिणाम जमीन पर उतारने पर जोर दिया.

