सतीश सिंह, लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने 53वें जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी पर तीखे हमले किए. उन्होंने संविधान, धर्म और आस्था के मुद्दों पर भाजपा को घेरते हुए पीडीए को मजबूत बनाने के लिए आर्थिक सहयोग अभियान शुरू करने की घोषणा भी की.
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीढ़ियों से जनता से जुड़ा हुआ संगठन है. उन्होंने माता प्रसाद पाण्डेय, सनातन पाण्डेय और बलराम यादव जैसे वरिष्ठ नेताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह दल विचारधारा और संघर्ष की विरासत को आगे बढ़ा रहा है. उन्होंने दावा किया कि जनता ने अपने वोट से संविधान को बचाया, लेकिन भाजपा सांसदों को तोड़कर उसे बदलने का प्रयास कर रही है.
इसे भी पढ़ें- सांसद संभालें या सत्ताईस? डगमगा रही अखिलेश की ‘साइकिल’, कमाल अख्तर के इस्तीफे के बाद सांसदों की टूट की अटकलें तेज
भाजपा दोनों के साथ विश्वासघात कर रही
उन्होंने कहा कि मर्यादा का पहला नाम भगवान श्रीराम हैं और दूसरा नाम संविधान है, लेकिन भाजपा दोनों के साथ विश्वासघात कर रही है. भगवान राम सभी सनातनियों के आराध्य हैं और हमेशा रहेंगे, जबकि भाजपा राम के नाम पर केवल राजनीति कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म, आस्था और श्रद्धा के नाम पर जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया गया है. देश के हर सनातनी के घर में राम दरबार स्थापित है और समय-समय पर उनकी पूजा होती है. राम किसी एक दल की संपत्ति नहीं हैं, बल्कि पूरे समाज की आस्था का केंद्र हैं. उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर धन का खेल खेला जा रहा है और इससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं.
पीडीए स्वाभिमान सहयोग अभियान होगा शुरू
अखिलेश यादव ने ‘पीडीए स्वाभिमान सहयोग’ अभियान शुरू करने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि पार्टी जल्द ही एक क्यूआर कोड जारी करेगी, जिसके माध्यम से समर्थकों से न्यूनतम 20 रुपये का सहयोग लिया जाएगा. उनका कहना था कि इस अभियान का उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत बनाना है.
इसे भी पढ़ें- यार के साथ मौत का सफरः शादी में शामिल होकर लौट रहे थे 2 दोस्त, हुआ कुछ ऐसा कि दोनों की घर पहुंची लाश
नेशन नहीं, डोनेशन फर्स्ट
भाजपा पर हमला जारी रखते हुए अखिलेश ने कहा कि सत्ताधारी दल के लिए नेशन नहीं, बल्कि डोनेशन (चंदा) प्राथमिकता बन गया है. उन्होंने कहा कि आस्था और श्रद्धा से जुड़े मामलों में जो प्रश्न उठे हैं, वे बेहद गंभीर हैं और इन पर जवाबदेही तय होनी चाहिए. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार असुविधाजनक सवालों से बचने के लिए सरकारी एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है.
लगातार पेपर लीक से बच्चों का भविष्य प्रभावित
पेपर लीक के मुद्दे पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है. सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिलने के कारण छात्रों को कोचिंग संस्थानों का सहारा लेना पड़ रहा है और उन पर भी दबाव बनाया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश बाबू, हमसे ही सीख लीजिए… सपा सुप्रीमो के जन्मदिन पर बधाई देते हुए ओपी राजभर ने दे डाली सलाह, जानिए ऐसा क्या कहा?
भाजपा के शब्दकोष में धर्म नहीं
उन्होंने कहा कि भाजपा के शब्दकोष में न धर्म बचा है और न ही शर्म. असली संतों का अपमान किया जा रहा है, जबकि स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं लगातार कमजोर हो रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के गृह जिले में भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभावित हो रहे हैं तथा बड़ी संख्या में प्राथमिक विद्यालय बंद किए जा रहे हैं.

