रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. भाजपा के जिला प्रभारी नीरज सिंह ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए उसके पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) अभियान को महज राजनीतिक छलावा करार दिया. उन्होंने कहा कि राज्यसभा प्रत्याशियों के चयन ने सपा के सामाजिक न्याय के दावों की पोल खोल दी है. पार्टी ने दो प्रत्याशियों में न किसी पिछड़े वर्ग को प्रतिनिधित्व दिया और न ही किसी दलित या अनुसूचित वर्ग के व्यक्ति को.
नीरज सिंह ने कहा कि सपा का पीडीए नारा केवल सत्ता में वापसी के लिए बनाया गया राजनीतिक मुखौटा है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रत्याशियों के चयन में सामाजिक प्रतिनिधित्व के बजाय परिवारवाद और निजी हितों को प्राथमिकता दी गई है. जो पार्टी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यकों के नाम पर राजनीति करती है, उसके राज्यसभा प्रत्याशियों की सूची में इन वर्गों के लिए जगह नहीं है. सपा का पीडीए सिर्फ दिखावा है. जब चुनावी मजबूरी होगी, तब किसी वर्ग विशेष के प्रत्याशी को उतारकर राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की जाएगी.
इसे भी पढ़ें- UP में हमारी सरकार बनने पर…आशा वर्कर्स की मांग का समर्थन करते हुए चंद्रशेखर आजाद का बड़ा बयान, CM योगी से कर दी बड़ी मांग
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा जिला प्रभारी ने विपक्ष को खुली चुनौती दी. उन्होंने कहा कि रायबरेली की सभी छह विधानसभा सीटों पर भाजपा संगठन पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा. पिछली बार पार्टी भले ही दो सीटों पर विजयी रही हो, लेकिन इस बार लक्ष्य सभी छह सीटों पर जीत दर्ज करना है.
नीरज सिंह ने कहा, भाजपा कार्यकर्ता हार से निराश नहीं होते, बल्कि उससे सीखते हैं. जिन सीटों पर हम मामूली अंतर से पीछे रह गए थे, वहां संगठन ने कमियों को चिन्हित कर सुधार की रणनीति बनाई है. इस बार रायबरेली की शत-प्रतिशत सीटें भाजपा के खाते में जाएंगी.
इसे भी पढ़ें- ब्राह्मणों पर टिप्पणी को लेकर फंसे स्वामी रामभद्राचार्य, न्यायालय ने दिया केस दर्ज करने का आदेश
भाजपा ने पिछड़ों को बनाया मुख्यमंत्री
सपा के पीडीए अभियान पर पलटवार करते हुए नीरज सिंह ने कहा कि भाजपा ने पिछड़े वर्ग के नेताओं को नेतृत्व का वास्तविक अवसर दिया है. उन्होंने कहा, यह वही भाजपा है, जिसने कल्याण सिंह और उमा भारती को मुख्यमंत्री बनाया. सपा केवल नारे देती है, जबकि भाजपा पिछड़े वर्ग के नेताओं को सत्ता और संगठन में सम्मानजनक स्थान देती है.
अल्पसंख्यकों के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरा
अल्पसंख्यक समाज को लेकर पूछे गए सवाल पर नीरज सिंह ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि अल्पसंख्यकों को लंबे समय तक केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया गया और उनकी मूलभूत आवश्यकताओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया.
इसे भी पढ़ें- राहुल जी, अपने दोस्त अखिलेश जी से पूछिएगा… OP राजभर ने इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल न होने पर पूछा सवाल, ज्ञानेश कुमार को लेकर दे डाली नसीहत
राज्यसभा चुनाव में सपा विधायकों के समर्थन का दावा
राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए नीरज सिंह ने दावा किया कि पिछले चुनाव में समाजवादी पार्टी के विधायकों ने भाजपा का समर्थन किया था. उन्होंने कहा कि सपा के विधायक भी जानते हैं कि उत्तर प्रदेश में आमजन की आकांक्षाओं और अपेक्षाओं को योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ही पूरा कर रही है.

