रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. रायबरेली-लालगंज मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती हुई डीसीएम अचानक आग का गोला बन गई. धू-धूकर जलती गाड़ी को देखकर राहगीरों में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है.

इसे भी पढ़ें- ‘दलितों के हक पर डाका किसने डाला…’, CM योगी ने विपक्ष पर बोला हमला, कहा- ‘बाबा साहब’ से जुड़े 5 तीर्थों का विकास कांग्रेस-सपा ने नहीं किया

बता दें कि घटना रायबरेली लालगंज रेल कोच फैक्ट्री के गेट के निकट बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डीसीएम में अचानक उसके इंजन से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही पलों में डीसीएम पूरी तरह से जलने लगी. इस अप्रत्याशित घटना से मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और लोग भयभीत होकर इधर-उधर भागने लगे.

स्थानीय लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया. उन्होंने अपने स्तर पर पानी और मिट्टी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, ताकि आग और न फैले. इसी बीच, घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई. कुछ ही समय बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए डीसीएम में लगी भीषण आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया.

इसे भी पढ़ें- ‘इन पर कभी भरोसा नहीं करना…’, अखिलेश ने BJP सरकार पर साधा निशाना, कहा- अगर इन्हें ताकत मिल गई तो ये संविधान को हमेशा के लिए खत्म कर देंगे

हालांकि, आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी को इसकी वजह माना जा रहा है. गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ. डीसीएम को भारी नुकसान पहुँचा है।फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस ने मिलकर स्थिति को संभाला और मार्ग पर यातायात को सामान्य कराया.