रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. शहर के दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने आस्था और मानवता के मूल्यों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. भंडारे के दौरान प्रसाद लेने पहुंचे एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति को मंदिर के पुजारी ने इतनी जोर से लात मारी कि व्यक्ति दूर जा गिरा और अचेत हो गया. उसके बाद पुजारी ने बर्बरता की हद पार करते हुए घसीटा और मंदिर के कुछ दूरी पर ले जाकर छोड़ दिया. अब लात मारने का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद सवाल खड़े हो रहे हैं कि ये पंडा है या उसकी भेष में गुंडा है?

इसे भी पढ़ें- ‘पुष्पा’ बनने चला था! आलू के बोरे में 2 करोड़ 31 लाख की शराब ले जा रहा तस्कर, फिर खाकी ने ऐसे प्लान पर फेरा पानी

प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के अनुसार, यह हृदय विदारक घटना तब घटी, जब मंदिर में भंडारा चल रहा था. इसी दौरान एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति प्रसाद ग्रहण करने आया था और वह भीड़ के बीच पहुंच गया. ये बात मंदिर के पुजारी को नागवार गुजरी. जिसके बाद पुजारी ने उसे बेरहमी से लात मारी, जिससे वह दूर जा गिरा. इस अमानवीय कृत्य ने वहां मौजूद लोगों को स्तब्ध कर दिया.

इसे भी पढ़ें- पीने के पानी का ठिकाना नहीं और सपना 2047 का! 25 दिनों से दो चार हो रहे लोग, PWD पर लापरवाही का आरोप

यह घटना धार्मिक स्थलों पर सेवा और करुणा के सिद्धांतों के विपरीत है. भारतीय संस्कृति और धर्म में अतिथि देवो भवः और दीन-दुखियों की सेवा को सर्वोच्च स्थान दिया गया है. ऐसे में एक मानसिक रूप से कमजोर व्यक्ति के साथ इस प्रकार का व्यवहार न केवल निंदनीय है, बल्कि यह मंदिर की पवित्रता और धार्मिक शिक्षाओं पर भी प्रश्नचिह्न लगाता है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद से लोग अपनी तीखी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कई उपयोगकर्ताओं ने इस कृत्य को ‘शर्मनाक’ और ‘अमानवीय’ बताया है, जबकि कुछ लोगो ने पुजारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.