रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्यारेपुर गांव के पास बुधवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई. मायके आई एक 35 वर्षीय महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जीआरपी (GRP) मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

इसे भी पढ़ें- दो दिन हंगामा, तीसरे दिन सत्र खत्म! फिर सीएम योगी का सपा पर सबसे बड़ा हमला- ’59 हजार करोड़ के बजट पर भी चर्चा नहीं होने दी’

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खीरो निवासी शांति देवी (35 वर्ष) पत्नी श्री देव, करीब आठ दिन पहले अपने मायके प्यारेपुर आई थीं. मंगलवार को उनके पति उन्हें वापस ले जाने के लिए प्यारेपुर पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच तीखी बहस और विवाद हो गया. इसी मानसिक तनाव के चलते बुधवार सुबह शांति देवी ने घर के पास से गुजरने वाली ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली. बेटी की मौत की खबर मिलते ही पिता रामबरन और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. शांति देवी अपने पीछे तीन मासूम बच्चे प्रांसी (12 वर्ष), दिव्यांशी (10 वर्ष) और सूर्या (8 वर्ष) को छोड़ गई हैं.

इसे भी पढ़ें- ‘क्या मैं इस कुर्सी के योग्य हूं?’ विधानसभा में छलके सतीश महाना के आंसू, भावुक अध्यक्ष को विपक्ष ने फिर घेरा

घटनास्थल पर एसआई मोहिनी और महिला कांस्टेबल सहित स्थानीय पुलिस बल पहुंचा. चूंकि मामला रेलवे ट्रैक का था, इसलिए जीआरपी ने विधिक कार्रवाई शुरू की. हरचंदपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची थी. मामला रेलवे क्षेत्र का होने के कारण जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.