अमेठी। जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला। जहां,दो बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि हादसे में 2 युवकों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से इलाके में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

बुलेट और अपाचे की टक्कर

यह पूरा मामला जिले के पीपरपुर थाना क्षेत्र का है। जहां, दुर्गापुर-लंभुआ मार्ग पर केनौरा निवासी राहुल वर्मा (25) अपने दोस्त दीपक (24) के साथ बुलेट से दुर्गापुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से एक तेज रफ्तार अपाचे आई और उनके बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि दोनों गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।

बुलेट सवार राहुल वर्मा की मौके पर मौत

बाइक टकराने की आवाज सुनते ही आस-पास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। दुर्घटना में बुलेट सवार राहुल वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को आनन फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान प्रिंस कुमार कसौधन की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि दीक्षा कसौधन, राधा कसौधन और दीपक की हालत गंभीर है, उनका अस्पताल में इलाज जारी है।

READ MORE: लोहे के एंगल और मसालों के बीच छिपाकर गांजे की तस्करी, 1.25 करोड़ की खेप बरामद

छानबीन में जुटी पुलिस

इधर, घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। सड़क हादसे ने दो परिवारों का चिराग छीन लिया। पुलिस ने प्रिंस और राहुल के शव पोस्टमार्टम कराकर परिजनों का सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सड़क पर दूर तक घिसटती चली गई। फिलहाल, पूरे मामले की छानबीन चल रही है।