अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली पुलिस और एसटीएफ वाराणसी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने 501.380 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए बिहार के दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है. बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1.25 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है.
पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान मुगलसराय थाना पुलिस और एसटीएफ वाराणसी की टीम को गांजा तस्करी की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर पराग डेयरी के पास कटरिया अंडरपास क्षेत्र में घेराबंदी कर ट्रक को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान ट्रक में लदे लोहे के एंगल और मसालों के बीच छिपाकर रखी गई 20 बोरियों से कुल 501.380 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया.
इसे भी पढ़ें : पीने के पानी का ठिकाना नहीं और सपना 2047 का! 25 दिनों से दो चार हो रहे लोग, PWD पर लापरवाही का आरोप
पूछताछ में सामने आया तस्करी का नेटवर्क
रफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे ओडिशा के बौध जिले से गांजा खरीदकर बिहार और पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में सप्लाई करते थे. गांजे की खेप को वैध माल के बीच छिपाकर ले जाया जाता था ताकि पुलिस और जांच एजेंसियों की नजर से बचा जा सके. आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे पहले भी कई बार इस तरह की खेप विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचा चुके हैं. पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की खेप को वाराणसी और आसपास के जनपदों में खपाने की तैयारी थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई कर पूरे नेटवर्क की बड़ी खेप पकड़ ली गई. अब पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है.

