वाराणसी. लालपुर पाण्डेयपुर थाना क्षेत्र में तांत्रिक अनीश उपाध्याय की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए 6 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पूजा-पाठ कराने के बहाने अनीश को कंचनपुर, मंडुवाडीह स्थित किराए के मकान में बुलाया और वहां लकड़ी के स्टूल, गैस सिलेंडर और लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल सामान भी बरामद किया है.

इसे भी पढ़ें- ‘सर पढ़ाइए… शिक्षक भेजिए…’ टीचर्स की कमी, तख्तियां लेकर सड़क पर उतरे छात्र

पुलिस के अनुसार 9 जुलाई 2026 को अनीश उपाध्याय की पत्नी ने उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी. इसके बाद 13 अगस्त को हत्या, शव छिपाने और साक्ष्य मिटाने के संबंध में लिखित शिकायत मिलने पर लालपुर पाण्डेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई. जांच के दौरान पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उनके परिवार में गरीबी और बीमारी की समस्या चल रही थी. परिवार पर ऊपरी साया होने की आशंका में उन्होंने अनीश उपाध्याय से पूजा-पाठ कराया था. हालांकि इसके बाद उनकी परेशानियां कम होने के बजाय बढ़ती गईं. इसी को लेकर आरोपियों ने उसकी हत्या की साजिश रची.

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अपने साथी साहिल गोंड के ऊपर साया होने का बहाना बनाया और अनीश को किराए के मकान में बुलाया. वहां सभी ने मिलकर उस पर हमला कर दिया. आरोप है कि हत्या के दौरान उसकी चीखें बाहर न जाएं, इसके लिए म्यूजिक सिस्टम पर तेज आवाज में गाने बजाए गए. हत्या के बाद आरोपियों ने कमरे की दीवार और फर्श पर पड़े खून के निशानों को साफ करने का प्रयास किया. बदबू छिपाने के लिए रूम फ्रेशनर और बॉडी स्प्रे का इस्तेमाल किए जाने की बात भी पुलिस ने बताई है.

इसे भी पढ़ें- मित्र अखिलेश यादव जी! जरा अपने चच्चू को संभालिए, नहीं तो… ओपी राजभर ने कसा करारा तंज, जानिए सपा सुप्रीमो से ऐसा क्या कहा?

पुलिस ने मामले में सोनू, विशाल, विकास कुमार गौंड, साहिल गोंड, अभिषेक उर्फ रोहित कश्यप और मोहित कश्यप को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की निशानदेही पर लकड़ी का स्टूल, घरेलू गैस सिलेंडर, लोहे की रॉड और घटना में प्रयुक्त म्यूजिक सिस्टम व स्पीकर बरामद किए गए हैं. सोनू को 13 अगस्त को थाना लालपुर पाण्डेयपुर परिसर से गिरफ्तार किया गया. विशाल, विकास और साहिल को काली माता मंदिर से नई बस्ती जाने वाली सड़क के पास पकड़ा गय. वहीं अभिषेक और मोहित को 14 अगस्त की रात करीब 2:10 बजे घनश्याम पीजी कॉलेज, पाण्डेयपुर के पास से गिरफ्तार किया गया.