लखनऊ. सुभसपा सुप्रीमो और योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव पर तीखा हमला बोला है. राजभर ने अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि वह अपने “चच्चू” को संभाल लें, वरना वही उन्हें कभी सत्ता में आने नहीं देंगे.
इसे भी पढ़ें- ‘पढ़ाई नहीं होती, टीचर फोन चलाती हैं…’ 12 साल का छात्र पहुंचा पुलिस चौकी, बोला- हमारे भविष्य का क्या होगा?
राजभर ने कहा, मित्र अखिलेश यादव जी! जरा अपने चच्चू को संभालिए, नहीं तो वो आपको कभी सत्ता में आने नहीं देंगे. उन्होंने शिवपाल यादव के कथित बयान को लेकर सवाल उठाया कि सपा की सरकार बनने पर अपने लोगों के मुकदमे वापस लिए जाएंगे और आजम खान को उत्तर प्रदेश का गृह मंत्री बनाया जाएगा.
सुभासपा प्रमुख ने तंज कसते हुए कहा कि यह दावा “गजब” है. उन्होंने सवाल किया कि सजा पाए व्यक्ति को गृह मंत्री कैसे बनाया जाएगा और एक अपराधी चुनाव कैसे लड़ सकता है औऱ मंत्री कैसे बन सकता है? राजभर ने कहा कि इस तरह के बयानों से सपा की कानून-व्यवस्था को लेकर सोच पर सवाल खड़े होते हैं. राजभर ने अपने पोस्ट में सपा की पीडीए राजनीति पर भी तंज कसा. उन्होंने व्यंग्य करते हुए पीडीए को “पीट देगा अहीर” और “पीट देगा अशफाक” बताते हुए आरोप लगाया कि शिवपाल यादव का बयान अपराध करने वालों को प्रोत्साहित करने वाला संदेश दे रहा है.
इसे भी पढ़ें- जिस पत्नी को ब्याह कर लाया, उसी ने उजाड़ दिया सुहाग!लखनऊ में सनसनीखेज हत्याकांड, मां ने बहू पर लगाया खौफनाक आरोप
आगे उन्होंने कहा, “अखिलेश जी, विभीषण की कहानी पढ़ लीजिए. विभीषण बहुत सीख देने वाला पात्र है. शिवपाल यादव की भूमिका सपा के भीतर अखिलेश यादव के लिए राजनीतिक चुनौती बन सकती है. यह भी संभव है कि उनके कार्यालय में गुंडा उनके चाचा ने भिजवाया हो, ताकि उसका नाम अखिलेश यादव के साथ जोड़ा जाए. जांच में वास्तविकता सामने आ जाएगी. खैर, उम्मीद है कलयुग के रावण की लंका में आग भी लगेगी और जरिया विभीषण ही बनेगा.


