लखनऊ. उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 9 IPS अधिकारियों के तबादले किए हैं. शासन की ओर से जारी आदेश के बाद गोंडा, सुल्तानपुर, मेरठ, झांसी, बिजनौर, संभल और बलरामपुर समेत कई जिलों में पुलिस कप्तान बदल गए हैं. इस फेरबदल में कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि कुछ को पुलिस मुख्यालय और यूपी-112 जैसी महत्वपूर्ण जगहों पर भेजा गया है.

इसे भी पढ़ें- UP में कैब कंपनियों की मनमानी पर कसेगा शिकंजा, नए नियम लागू, किराया बढ़ाने की सीमा तय

गोंडा और सुल्तानपुर में बदले पुलिस कप्तान

विनीत जायसवाल (RR-2014) को गोंडा के पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर सुल्तानपुर का एसपी बनाया गया है. वहीं सुल्तानपुर की मौजूदा एसपी चारू निगम (RR-2014) को यूपी-112, लखनऊ में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है. गोंडा की कमान अब बिजनौर के एसपी अभिषेक (RR-2015) संभालेंगे.

मेरठ और झांसी में भी बड़ा बदलाव

मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पाण्डेय (RR-2015) को पुलिस महानिदेशक मुख्यालय, लखनऊ में पुलिस अधीक्षक संबद्ध के पद पर भेजा गया है. उनकी जगह झांसी के एसएसपी बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति (RR-2015) को मेरठ का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. वहीं बलरामपुर के एसपी विकास कुमार (RR-2017) को झांसी का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है.

बिजनौर और संभल को भी मिले नए SP

संभल के मौजूदा एसपी कृष्ण कुमार (RR-2018) को बिजनौर का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. बाराबंकी में तैनात विकास चन्द्र त्रिपाठी (RR-SPS) को संभल का एसपी नियुक्त किया गया है. वहीं हरदोई से मातण्ड प्रकाश सिंह (RR-SPS) को बलरामपुर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है.

इसे भी पढ़ें- बृजभूषण का बाबा रामदेव पर हमला, बोले- स्वदेशी से चले थे, अब विदेशी चड्‌ढी बनाने लगे

9 अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां तय

सरकार के इस फेरबदल के बाद कई महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस नेतृत्व बदल गया है. अधिकारियों के नए कार्यभार संभालने के साथ कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को लेकर नई रणनीति देखने को मिल सकती है. शासन स्तर पर किए गए इन तबादलों को प्रशासनिक जरूरत और पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है.