सतीश सिंह, लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्राविधिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश ने सम सेमेस्टर, वार्षिक और विशेष बैक पेपर परीक्षाओं (मई-जून-2026) का परिणाम समय से घोषित कर दिया है. नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था के तहत इस वर्ष अंतिम सेमेस्टर डिप्लोमा इंजीनियरिंग में 93.42 प्रतिशत तथा फार्मेसी में 62.69 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे. परिणाम परिषद की वेबसाइट पर जारी कर दिया गया है.
प्राविधिक शिक्षा परिषद के अध्यक्ष एवं प्रमुख सचिव डॉ. एम.के. शन्मुगा सुंदरम ने बताया कि 4 मई से 5 जून तक प्रदेश के 236 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं आयोजित की गईं. इनमें कुल 2,68,686 छात्र पंजीकृत थे. उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 157 राजकीय और अनुदानित पॉलिटेक्निक संस्थानों में डिजिटल माध्यम से कराया गया, जिससे समयबद्ध और पारदर्शी परिणाम सुनिश्चित हो सके.
इसे भी पढ़ें : ऑनलाइन बैठकों में अब नहीं चलेगी लापरवाही, बेसिक शिक्षा विभाग ने तय की सख्त जवाबदेही
इंजीनियरिंग स्ट्रीम में महामाया पॉलिटेक्निक ऑफ आईटी, महाराजगंज के आशुतोष प्रजापति ने 86.18 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया. वहीं राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, वाराणसी की पूजा सिंह दूसरे और राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, अमेठी की अनुष्का सिंह तीसरे स्थान पर रहीं। फार्मेसी वर्ग में रामेश्वरम फार्मेसी कॉलेज, सीतापुर की दिव्यांशी शुक्ला ने पहला, टीआरसी महाविद्यालय, बाराबंकी की जूली देवी ने दूसरा और राजकीय पॉलिटेक्निक, जौनपुर के अभिषेक यादव ने तीसरा स्थान प्राप्त किया.
परिणामों में छात्राओं का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला. इंजीनियरिंग और फार्मेसी, दोनों वर्गों के टॉप-10 में आठ-आठ स्थान छात्राओं ने अपने नाम किए. साथ ही पहली बार राजकीय पॉलिटेक्निक, जौनपुर और राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, प्रयागराज ने फार्मेसी की टॉप-10 सूची में जगह बनाई. परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए परिषद ने सख्ती भी दिखाई. नियमों के उल्लंघन पर 194 छात्रों का परिणाम रोका गया है, जबकि उत्तर पुस्तिकाओं पर मोबाइल नंबर लिखने वाले 896 विद्यार्थियों को संबंधित विषय में शून्य अंक दिए गए हैं.


