लखनऊ. उत्तर प्रदेश के छह शहरों में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की जांच में रेस्तरां और होटलों की लापरवाही सामने आई है. कई प्रतिष्ठानों में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिली, जबकि कुछ किचन में कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी पाई गई. गंदगी और खाद्य पदार्थों के रखरखाव में खामियां मिलने के बाद एफएसडीए टीमों ने 24 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की है. वहीं, 174 प्रतिष्ठान संचालकों को सुधार नोटिस जारी किए गए हैं.

इसे भी पढ़ें- यूपी में BJP काट सकती है 50% मौजूदा विधायकों के टिकट, युवाओं-महिलाओं और नए चेहरों पर दांव की तैयारी

छह जिलों में 317 प्रतिष्ठानों की जांच

एफएसडीए की टीमों ने शुक्रवार को ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत कानपुर नगर, प्रयागराज, अयोध्या, बरेली, गोरखपुर और मुरादाबाद में होटल, रेस्तरां और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की. कानपुर नगर में 52, प्रयागराज में 40, अयोध्या में 97, बरेली में 34, गोरखपुर में 34 और मुरादाबाद में 60 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया.

इस दौरान किचन की सफाई, कच्चे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, खाद्य सामग्री के भंडारण, जल निकासी, प्रसंस्करण क्षेत्र और कीड़े-मकौड़ों की मौजूदगी समेत कई बिंदुओं की जांच की गई.

अयोध्या में एक्सपायर्ड सामान और चूहों का प्रकोप

अयोध्या के कई प्रतिष्ठानों में जांच के दौरान गंभीर कमियां मिलीं. तिरुपति रेस्टोरेंट, बिरला धर्मशाला, अल हिंद रेस्टोरेंट, आई एम ओके रेस्टोरेंट, द अरोमा रेस्टोरेंट, डालमिया सैफ्रॉन होटल और अन्य प्रतिष्ठानों में कार्रवाई की गई. यहां एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री से लेकर चूहों के प्रकोप तक की शिकायतें सामने आईं. बरेली में कृष्णा भोजनालय और रमाडा होटल का लाइसेंस निलंबित किया गया. दोनों जगह किचन में कॉकरोच और एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ मिलने की बात सामने आई.

गोरखपुर और कानपुर में भी कार्रवाई

गोरखपुर में रेडिसन होटल, रामकृष्ण होटल, द ब्रायन फ्लेवर्स इन रेस्टोरेंट, चंदन स्वीट हाउस और दुलारवा रेस्टोरेंट के खिलाफ कार्रवाई की गई. यहां नियमों के उल्लंघन को लेकर लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की गई. कानपुर नगर में काके की हट्टी रेस्टोरेंट, आनंद सैफ्रॉन होटल, द डाइनिंग हाउस, लिटिल शेफ और अल समीम फूड कोर्ट समेत कई प्रतिष्ठानों में गंदगी और अव्यवस्था मिली. इन जगहों पर कारोबार बंद करवाने की कार्रवाई भी की गई.

मुरादाबाद में फ्रीजर में साथ मिले वेज-नॉनवेज

मुरादाबाद में होटल लावना एनजीआर, टाइम 24 और मोती महल डीलक्स होटल समेत कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई. यहां फ्रीजर में वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थ साथ रखे मिले. कुछ किचन में कीड़े और चूहों की मौजूदगी भी सामने आई.

इसे भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी का कर्मचारी ने खोला राज, चंपत राय को भेजा वीडियो; 73,480 पन्नों की चार्जशीट में 105 घटनाएं

प्रयागराज में अर्वन रेजीडेंसी होटल, शंभूनाथ होटल एंड बैंक्वेट और त्रिवेणी ग्रैंड की रसोई और जल निकासी व्यवस्था में खामियां मिलीं. एफएसडीए ने सभी संबंधित संचालकों को कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों के मुताबिक, सुधार नहीं होने पर आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.