लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश जारी है. शनिवार सुबह से लखनऊ, बाराबंकी समेत कई शहरों में रुक-रुककर बारिश हो रही है. जौनपुर, आगरा समेत 30 से ज्यादा शहरों में आसमान पर बादल छाए हुए हैं. मौसम विभाग ने प्रदेश के 66 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिनमें 29 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है. IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर प्रदेश में 22 से 25 अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना बनी हुई है.
दूसरी ओर लगातार बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं. गंगा और घाघरा समेत कई नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं. कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं और हजारों परिवार प्रभावित हुए हैं.
इसे भी पढ़ें- जापान की तकनीक, UP के किसानों की ताकत; खेती से बदलेगी प्रदेश की अर्थव्यवस्था
काशी में 84 घाट डूबे, छत पर हो रही गंगा आरती
वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से सभी 84 घाट जलमग्न हो गए हैं. मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट के शवदाह स्थल भी पानी में डूब गए हैं. हालात ऐसे हैं कि हरिश्चंद्र घाट पर गलियों और सीढ़ियों के पास अंतिम संस्कार किया जा रहा है, जबकि मणिकर्णिका घाट पर छत पर शवदाह की व्यवस्था करनी पड़ रही है. दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती भी छत पर कराई जा रही है. नमो घाट भी पानी में डूब चुका है. ऐसे हालात में घाटों पर रोजमर्रा की गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हुई हैं.
चित्रकूट में बाजार तक पहुंचा मंदाकिनी का पानी
चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का पानी बाजार तक पहुंच गया है. कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हैं और नावों के जरिए लोगों की आवाजाही हो रही है. बाढ़ के खतरे को देखते हुए गुप्त गोदावरी की दोनों गुफाएं पर्यटकों के लिए बंद कर दी गई हैं. नदी का पानी लगातार बढ़ने से स्थानीय लोगों की चिंता भी बढ़ गई है.
प्रयागराज में गंगा-यमुना उफान पर, रिवर फ्रंट डूबा
प्रयागराज में गंगा और यमुना दोनों नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. रसूलाबाद से नागवासुकी मंदिर की ओर जाने वाली रिवर फ्रंट रोड पानी में डूब गई है. गंगा का पानी ‘लेटे हुए’ हनुमान मंदिर कॉरिडोर तक पहुंचने की जानकारी है. वहीं प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी नदी के किनारे बसे इलाकों पर बाढ़ का खतरा बना हुआ है. घाघरा, गंगा, शारदा, टोंस, सोन और मंदाकिनी जैसी नदियों का जलस्तर चिंता बढ़ा रहा है.
25 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से नम हवाएं लगातार उत्तर प्रदेश की ओर आ रही हैं. इसके असर से प्रदेश में मानसून सक्रिय है और 25 अगस्त तक रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है. लखनऊ में शनिवार सुबह मूसलाधार बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया. हुसैनगंज, हजरतगंज और दारुलशफा विधायक निवास समेत कई जगहों पर पानी भरने की सूचना है. कानपुर रोड पर भी करीब दो फीट तक पानी जमा होने से यातायात प्रभावित हुआ.
इसे भी पढ़ें- प्रोटोकॉल से परे: जापानी Gen-Z और योगी की सेल्फी
प्रशासन और राहत एजेंसियां बाढ़ प्रभावित इलाकों पर नजर बनाए हुए हैं. लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की जा रही है.

