लखनऊ. उत्तर प्रदेश में अक्टूबर के आखिरी दिनों में मौसम बिगड़ने की आशंका है. बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान के असर से पूर्वांचल समेत कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, 29, 30 और 31 अक्टूबर को कई इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा है. तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है. मौसम में बदलाव से तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है.
इसे भी पढ़ें- राजा भैया को चंद्रशेखर आजाद ने बताया माफिया? अक्षय प्रताप ने दिया जवाब
29 अक्टूबर को 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर को सोनभद्र, चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी और मिर्जापुर समेत 21 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है. वहीं, 38 जिलों में आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा बताया गया है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
तूफान अर्णब से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अर्णब के असर से 28 अक्टूबर से प्रदेश के मौसम में बदलाव दिख सकता है. 29 और 30 अक्टूबर को पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को पूर्वानुमान पर नजर रखने की सलाह दी है.
राहत और बचाव के लिए प्रशासन अलर्ट
खराब मौसम की आशंका को देखते हुए राहत आयुक्त ने सभी जिलों के अधिकारियों और राहत कंट्रोल रूम को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं. जिला आपदा नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने को कहा गया है. पुलिस, स्वास्थ्य, सिंचाई और राजस्व विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन को जन-धन के नुकसान से बचाव की तैयारी पूरी रखने को कहा गया है.
इसे भी पढ़ें- फैसले की घड़ी! यूपी विधान परिषद चुनाव के नतीजे आज, जानें कहां और किस समय घोषित होंगे नतीजे
किसानों को धान की फसल बचाने की चिंता
अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में बारिश से धान की कटाई प्रभावित हो सकती है. खेतों में सूख रही फसलों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है. किसानों को सलाह दी गई है कि वे मौसम की जानकारी लेते रहें. कटाई के लिए तैयार धान को सुरक्षित रखने की व्यवस्था करें. तेज हवा और बारिश के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें.

