लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसून जमकर बरस रहा है. मंगलवार सुबह से जौनपुर, वाराणसी, अयोध्या, झांसी और गाजीपुर समेत 15 शहरों में बारिश हो रही है. काशी में सोमवार रात से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है. यहां सड़कें लबालब हैं तो बाइक और कार के पहिए डूब गए हैं. स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है. जौनपुर और गाजीपुर में भी 8वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं.

इसे भी पढ़ें- दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का भविष्य हैं छात्र: CEC ज्ञानेश कुमार

लखनऊ में सुबह से हल्की फुहारें पड़ रही हैं. मुरादाबाद, मेरठ और बरेली समेत 30 से ज्यादा शहरों में बादल छाए हुए हैं. मौसम विभाग ने आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. प्रयागराज समेत 16 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. लोगों से सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है.

नदियां उफान पर, कई गांव टापू बने

लगातार बारिश से नदियां उफान पर हैं. 19 जिले बाढ़ की चपेट में हैं. 92 गांवों में फसलें खराब हो गई हैं और 26 गांव टापू बन गए हैं. लखीमपुर खीरी में शारदा नदी पर बने तमोलिनपुरवा बांध का एक हिस्सा कट गया है, जिससे दर्जनों गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. ललितपुर में खेड़ार नदी के पुल के ऊपर से करीब तीन फीट पानी बह रहा है और सिरसी पुल भी डूब गया है.

बारिश और बाढ़ से 4 लोगों की मौत

पिछले 24 घंटों में बारिश और बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में 4 लोगों की मौत हो गई. अयोध्या के बीकापुर में तेज आंधी-बारिश से झोपड़ी ढहने से एक बच्चे और युवती की मौत हो गई. गाजीपुर में बाढ़ के पानी में डूबने से एक युवक की जान चली गई. मुगलसराय में कच्ची दीवार गिरने से एक मासूम की मौत हो गई. सोमवार को 65 शहरों में बारिश हुई थी. मथुरा में अंडरपास में 2 फीट पानी भर गया और कारें आधी डूब गईं. नोएडा में सेक्टर 62 मेट्रो स्टेशन की सीढ़ियों के पास पानी भर गया। झांसी में बेतवा नदी का बांध ओवरफ्लो हो गया.

इसे भी पढ़ें- इंतजार खत्म! UPSSSC स्वास्थ्य कार्यकर्ता भर्ती का रिजल्ट जारी, जानिए कितनी गई कट-ऑफ?

मौसम विभाग का अपडेट

लखनऊ मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी यूपी में बने चक्रवाती सिस्टम और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं. अगले कुछ दिनों तक पूर्वी यूपी में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. दक्षिणी हिस्सों में बहुत भारी बारिश के आसार हैं. पश्चिमी यूपी में फिलहाल तेज बारिश की संभावना कम है.