अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में भारत की जीडीपी ग्रोथ रेट 7.8% रही है। पीएम नरेंद्र मोदी ने इसे एक असाधारण उपलब्धि बताया है। साथ ही उन्होंने इस मौके पर सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश साझा करते हुए देशवासियों को बधाई दी है। भारत की GDP ग्रोथ 7.8% होने पर आरएलएम सुप्रीमो और सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने संतोष व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री मोदी और उद्योग धंधे से जुड़े लोगों को बधाई दी है।

दुनिया भर के लिए यह एक उदाहरण- उपेंद्र कुशवाहा

सासाराम में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि, वर्ष 2026-27 के प्रथम तिमाही में जिस तरह से जीडीपी ने 7.8% की बढ़ोतरी प्राप्त की है। यह दर्शाता है कि देश का सकल घरेलू उत्पाद कितना बढ़ रहा है। इसमें छोटे-छोटे स्टार्टअप करने वाले युवा उद्यमियों की अहम भूमिका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की उत्पादन क्षमता बढ़ रही है। यह दुनिया भर के लिए एक उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि, आज पूरा विश्व जहां अलग-अलग कारणों से आर्थिक संकट से जूझ रहा है। वैसे में भारत अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाएं हुए हैं। साथ ही घरेलू उत्पादन क्षमता भी बढ़ रही है।

दिलीप जायसवाल ने कही ये बात

वहीं, बिहार सरकार में मंत्री और बीजेपी नेता दिलीप जायसवाल ने कहा कि, आज पूरी दुनिया में भारत के आर्थिक व्यवस्था की चर्चा हो रही है और जिस तरह से हमारा इकोनॉमिक ग्रोथ हुआ है, 140 करोड़ का देश आज खुशहाल है। सबके पेट में कम से कम रोटी तो है। कोई भूखा नहीं मर रहा है।

उन्होंने कहा कि, आपने देखा कि कोरोना काल से आज तक जो भी ऐसे लोग थे, आज 80 करोड़ लोगों को सरकार अनाज भी दे रही है। इसलिए भारत के आर्थिक उन्नति पर ही सबकी नजर लग गई है। ये जितना पूरे देश के अंदर भ्रामक माहौल देख रहे हैं, ये सब अमेरिका, चीन और ऐसे विकसित देश नहीं चाहते हैं कि भारत आगे बढ़े। इसलिए इन लोगों ने वही अंग्रेज की पॉलिसी अभी शुरू की है।

भारत के लिए गौरव का क्षण- इंजीनियर कुमार शैलेंद्र

मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने GDP ग्रोथ 7.8% होने पर कहा कि, सबसे पहले तो इस परिस्थिति में भी, यदि भारतवर्ष का ये ग्रोथ रेट ये है, तो हम प्रधानमंत्री, जो विश्व के सबसे बड़े नेता हैं, नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देना चाहते हैं कि इस परिस्थिति में भी ये ग्रोथ रेट है, ये अपने आप में एक प्रशंसनीय कार्य है। हम लोगों के लिए गौरव का क्षण है कि हमारे प्रधानमंत्री इसको रख पाए हैं।

ये भी पढ़ें- पटना शराबकांड मामले में 42 लोग गिरफ्तार! तेजस्वी बोले- NDA नेताओं के लिए दुधारू गाय बनी शराबबंदी