अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। बिहार विधान परिषद की आठ शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर होने वाले चुनावों को लेकर प्रदेश का सियासी पारा हाई है। महागठबंधन का हिस्सा होने के बावजूद MLC चुनाव में कांग्रेस और राजद आमने-सामने हैं। दरअसल कल गुरुवार की देर रात कांग्रेस ने 5 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया। इनमें से तीन सीटें ऐसी हैं, जहां पर राजद पहले ही अपना उम्मीदवार घोषित कर चुका है। इस बीच आरएलएम सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा ने राजद-कांग्रेस के बीच जारी सियासी खींचतान को लेकर बड़ा बयान दिया है।
‘स्वार्थ के चलते आज महागठबंधन की यह स्थिति’
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि, महागठबंधन सिर्फ नाम का रह गया है। उसमें शुरू से ही सिर फुटऊअल की स्थिति रही है। स्वार्थ के नाम पर एकत्र हुए लोगों की यही स्थिति होती है। उन्होंने कहा कि, स्वार्थ के नाम पर बनी गठबंधन में इसी तरह की स्थिति होती है। उन लोगों का कोई राजनीतिक गठबंधन नहीं है। यही कारण है कि विपक्ष की आज यह दुर्दशा है और आने वाले समय में भी यही स्थिति बनी रहेगी।
बता दें कि उपेंद्र कुशवाहा आज गांधी जयंती के मौके पर सासाराम के गांधी स्मारक पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को माल्यार्पण किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने यह बाते कहीं।
कांग्रेस ने 5 सीटों पर उतारे उम्मीदवार
कांग्रेस ने दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और मौजूदा एमएलसी डॉ. मदन मोहन झा, कोसी स्नातक से मनोज कुमार जायसवाल, दरभंगा स्नातक से रजनीकांत पाठक, पटना शिक्षक से डॉ. संजय यादव और पटना स्नातक से डॉ. असदुल्लाह खान को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
राजद ने 6 सीटों पर उतारें हैं उम्मीदवार
जबकि बिहार एमएलसी चुनाव के लिए राजद ने 6 उम्मीदवारों का ऐलान किया है। राजद की ओर से पटना शिक्षक क्षेत्र से डॉ. संजीव कुमार सिंह, पटना स्नातक से दिलीप कुमार, कोशी स्नातक से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा, सारण शिक्षक से प्रो. जयराम यादव और तिरहुत स्नातक से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को उम्मीदवार बनाया गया है।
चर्चा में पटना स्नातक की सीट
वहीं, दूसरी तरफ भाजपा और जदयू ने 4-4 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, तो जन सुराज सभी 8 सीटों पर चुनाव लड़ रहा है। हालांकि सबसे ज्यादा चर्चा पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर हो रहा है। जदयू ने इस सीट से नीरज कुमार को मैदान में उतारा है। हालांकि पार्टी में होने के बावजूद मोकामा विधायक अनंत सिंह उनका खुलकर विरोध कर रहे हैं। अनंत सिंह इस सीट पर जन सुराज के उम्मीदवार अनुज कुमार सिंह का समर्थन कर रहे हैं, कल वह उनके नामांकन में भी गए थे।
ये भी पढ़ें- गांधी जयंती पर बिहार सरकार का बड़ा फैसला, अलग-अलग जेलों में बंद 44 कैदी होंगे रिहा

