अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। राजद ने कल राजभवन मार्च का ऐलान किया है, जिसपर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा की प्रतिक्रिया सामने आई है। सासाराम पहुंचे उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि, तेजस्वी जो मुद्दा उठाते हैं। उससे जानता का कोई सरकार नहीं होता है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपने पद को गंभीरता से नहीं लेते हैं। जिन मुद्दों को लेकर वे राज भवन मार्च करना चाह रहे हैं, उस मुद्दे पर सरकार पहले ही काम कर चुकी है। ऐसे में तेजस्वी यादव का यह राजभवन मार्च बेमानी है।
फिर विदेश यात्रा पर निकल जाएंगे- उपेंद्र कुशवाहा
उपेंद्र कुशवाहा ने तेजस्वी यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि, दो दिन बिहार में काम करेंगे, फिर विदेश यात्रा पर निकल जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि, विपक्ष का काम है कि वह सरकार की कमियां निकाले। साथ ही आम लोगों से लगातार जुड़े रहे। लेकिन तेजस्वी ऐसा नहीं कर रहे हैं।
छात्रों की मांग को लेकर सरकार संवेदनशील- दीपक प्रकाश
वहीं, पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उपेंद्र कुशवाहा के बेटे और बिहार सरकार में मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि, मार्च कर सकते हैं, उनका अधिकार है। लेकिन सरकार हमेशा ही छात्रों की मांगों को लेकर संवेदनशील रही है। शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार काम कर रही है और आगे भी करती रहेगी।
भाजपा प्रवक्ता गुरू प्रकाश ने भी कसा तंज
भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरू प्रकाश ने राजद के राजभवन मार्च करने पर कहा कि, तेजस्वी यादव छुट्टी पर बिहार आते हैं। आधे समय तो यूरोप में रहते हैं। बिहार से कोई मतलब नहीं है, पटना से कोई मतलब नहीं है। खगड़िया, भागलपुर, नवादा, नालंदा, गया उनको पता भी नहीं है कहां पर है। छुट्टी पर आते हैं और भ्रमण करते हैं, तो उनको क्या मतलब है? और छात्रों के मुद्दे पर बोलने वाले तेजस्वी यादव कब से हो गए? तेजस्वी यादव, उनकी पार्टी, उनके परिवार में शिक्षा का कितना महत्व है, हम जानते नहीं हैं क्या?
तेजस्वी ने भरी हुंकार
वहीं, राजभवन मार्च से पहले आज तेजस्वी यादव ने एक बार फिर से हुंकार भरी। पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने AK-47 फायरिंग, पेपर लीक, बेरोजगारी समेत अन्य मुद्दों को लेकर बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा। तेजस्वी ने कहा कि, कई दिनों से लगातार यह सवाल पूछा जा रहा है कि आखिर किसके आदेश पर AK-47 से गोली चलाने का निर्देश दिया गया था? उनका कहना है कि मुख्यमंत्री से लेकर बड़े अधिकारियों तक से इस सवाल का जवाब मांगा गया, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला है।
एक सिपाही को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं- तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि, जिन छात्रों को गोली लगी, उनसे मिलने या उनकी स्थिति जानने के लिए सरकार की ओर से कोई पहल नहीं की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि बिना किसी वरिष्ठ अधिकारी के आदेश के कोई सिपाही AK-47 जैसे हथियार का इस्तेमाल कैसे कर सकता है। उन्होंने इस पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग दोहराई और कहा कि सिर्फ एक सिपाही को जिम्मेदार ठहराना पर्याप्त नहीं है।
ये भी पढ़ें- Bihar Breaking: TRE-4 शिक्षक भर्ती का इंतजार खत्म, BPSC ने जारी किया विज्ञापन


