हेमंत शर्मा, इंदौर। एयरपोर्ट पर वीआईपी पास जारी करने को लेकर ऐसा विवाद खड़ा हुआ कि मामला सीधे पुलिस थाने तक पहुंच गया। एयरपोर्ट प्रबंधन और जिला प्रशासन के अधिकारियों के बीच हुई तीखी बहस के बाद टर्मिनल के हेल्प काउंटर पर तैनात मैनेजर को पुलिस एरोड्रम थाने ले गई। करीब दो घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ और कर्मचारी को छोड़ दिया गया।

सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए पास जारी करने से इनकार

जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संभावित इंदौर दौरे को लेकर एयरपोर्ट पर वीआईपी विजिट की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान प्रशासन की ओर से वीआईपी एंट्री पास जारी कराने की प्रक्रिया शुरू हुई, लेकिन एयरपोर्ट प्रबंधन ने नए सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए पास जारी करने से इनकार कर दिया।

प्रक्रिया पूरी तरह बदल गई

एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना था कि ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) के नए दिशा-निर्देश लागू होने के बाद वीआईपी पास जारी करने की प्रक्रिया पूरी तरह बदल गई है। अब ऐसे पास केवल अधिकृत अधिकारियों की अंतिम मंजूरी और हस्ताक्षर के बाद ही जारी किए जा सकते हैं। बिना निर्धारित प्रक्रिया के कोई भी पास जारी करना सुरक्षा नियमों का उल्लंघन होगा।

मैनेजर को एरोड्रम थाने ले जाया गया

बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर जिला प्रशासन और एयरपोर्ट प्रबंधन के अधिकारियों के बीच बहस तेज हो गई। मामला इतना बढ़ा कि पुलिस के निर्देश पर टर्मिनल के हेल्प काउंटर पर तैनात मैनेजर को एरोड्रम थाने ले जाया गया। इस घटनाक्रम ने एयरपोर्ट परिसर में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हलचल मचा दी।करीब दो घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया। बातचीत के बाद विवाद को शांत कराया गया और हेल्प काउंटर मैनेजर को थाने से छोड़ दिया गया।

मुख्यमंत्री का प्रस्तावित दौरा ही निरस्त हो गया

सूत्रों के अनुसार, जिस वीआईपी मूवमेंट को लेकर यह पूरा विवाद हुआ था, बाद में मुख्यमंत्री का प्रस्तावित दौरा ही निरस्त हो गया। हालांकि, एयरपोर्ट पर वीआईपी पास जारी करने की प्रक्रिया और नए सुरक्षा नियमों को लेकर उठे सवाल अब भी चर्चा का विषय बने हुए हैं। यह घटनाक्रम एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर रहा है कि क्या वीआईपी व्यवस्था के दबाव में सुरक्षा नियमों से समझौता किया जा सकता है, या फिर नियम सभी पर समान रूप से लागू होंगे? एयरपोर्ट पर हुआ यह विवाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत भी उजागर करता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m