अमित पवार, बैतूल। शहर में नगर पालिका के अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक दुकानदार ने खुद पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगाने की कोशिश की। लल्ली चौक पर चल रही बुल्डोजर कार्रवाई अचानक विरोध और ड्रामे में बदल गई, जहां नगर पालिका की टीम जेसीबी से अवैध दुकानों को हटा रही थी।
अधिकारियों और लोगों के बीच अफरा-तफरी
दरअसल बैतूल नगर पालिका द्वारा शहर में बढ़ते अतिक्रमण को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में लल्ली चौक पर सड़क किनारे अवैध रूप से लगी दुकानों पर कार्रवाई की जा रही थी, तभी बैग की दुकान लगाने वाले मोहम्मद शेख हाफ़िज़ ने विरोध जताते हुए खुद पर पेट्रोल डाल लिया। यह नजारा देख मौके पर मौजूद अधिकारियों और लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
किसी तरह की जनहानि नहीं
दुकानदार का कहना है कि पालिका द्वारा दी जा रही वैकल्पिक जगह पर व्यापार नहीं चल पाएगा। वह लंबे समय से इसी स्थान पर दुकान लगा अपनी रोजी-रोटी चला रहा है। यहां सालों से दुकान लगा रहे हैं नई जगह पर ग्राहक नहीं आएंगे हमारा परिवार कैसे चलेगा। फिलहाल स्थिति को संभाल लिया गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। बड़ा सवाल है कि क्या अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में प्रभावित लोगों के पुनर्वास का सही इंतजाम किया गया है या फिर ऐसे ही विरोध के हालात आगे भी देखने को मिलेंगे।

