हिसार। हरियाणा के हिसार शहर में स्थित नामी होटल लेमन ट्री में आयोजित होने जा रहे एक कार्यक्रम को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। हिसार बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान के इस होटल में आज एक ‘अरेबिक डांस’ और ‘अरेबियन नियॉन पार्टी’ का आयोजन रखा गया है। इस इवेंट को लेकर होटल के सोशल मीडिया पेज पर जमकर प्रमोशन और ब्रैंडिंग की जा रही है। होटल प्रबंधन का दावा है कि हिसार में पहली बार इस तरह का कोई बड़ा और अनोखा कार्यक्रम होने जा रहा है। हालांकि, कार्यक्रम के मुख्य पोस्टर पर अरेबिक ड्रेस पहने एक महिला की तस्वीर के साथ ‘महिलाओं के लिए ड्रिंक फ्री’ लिखे होने पर शहर के लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है।
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा, संस्कृति को लेकर उठाए सवाल
कार्यक्रम का पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने आयोजकों को आड़े हाथों लेना शुरू कर दिया है। शहर के प्रबुद्ध नागरिकों और समाजसेवियों ने इस पर तीखे कमेंट्स किए हैं। समाजसेवी राकेश दलाल ने तंज कसते हुए लिखा, “हिसार शहर, हरियाणा में महिलाओं के लिए उच्च गुणवत्ता वाले काम सिखाने की सुविधा।” वहीं आयुष बनवाला नाम के यूजर ने लिखा, “हिसार में संस्कृति और संस्कारों को बढ़ावा देने के लिए पहली बार यह पार्टी रखी जा रही है, जिसमें खासकर महिलाओं के लिए ड्रिंक फ्री है। यहां जाने वालों से निवेदन है कि अपने बच्चों को भी जरूर लेकर जाएं।” कुछ लोगों ने इस मुद्दे पर स्थानीय संगठनों की चुप्पी पर भी सवाल उठाए हैं।
मैनेजर बोले- सिर्फ वोडका शॉट फ्री, मालिक ने झाड़ा पल्ला
इस पूरे विवाद पर जब होटल संचालक और बार के पूर्व प्रधान मोहित अरोड़ा से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि वे इस तरह के कार्यक्रम रेगुलर करते आए हैं। हालांकि, जब उनसे महिलाओं को फ्री ड्रिंक परोसने के विज्ञापन पर सवाल किया गया, तो उन्होंने यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि वे इस समय शहर से बाहर हैं और उन्हें इस पोस्टर की पूरी जानकारी नहीं है। दूसरी तरफ, होटल के मैनेजर विवेक ने बताया कि इस इवेंट में एंट्री का कोई चार्ज नहीं है, लेकिन खाने-पीने के पैसे लगेंगे जिसके लिए एडवांस टेबल बुकिंग जरूरी है। उन्होंने साफ किया कि महिलाओं के लिए पूरी ड्रिंक नहीं, बल्कि सिर्फ वोडका शॉट फ्री रखे गए हैं और पार्टी के लिए वाइट कलर का ड्रेस कोड तय है।
हाल ही में बार काउंसिल का चुनाव हारे हैं होटल संचालक
इस विवाद के बीच होटल मालिक मोहित अरोड़ा के राजनीतिक और सामाजिक रसूख की भी चर्चा हो रही है। बता दें कि मोहित अरोड़ा हाल ही में हुए हिसार बार एसोसिएशन के चुनाव में प्रधान पद का मुकाबला हार गए थे। इस कड़े मुकाबले में प्रदीप बाजिया ने मोहित अरोड़ा को 113 वोटों के अंतर से शिकस्त देकर जीत हासिल की थी। उस चुनाव में प्रदीप बाजिया को जहां 1066 वोट मिले थे, वहीं मोहित अरोड़ा के पक्ष में 953 वोट पड़े थे। चुनाव हारने के बाद अब होटल के इस नए आयोजन को लेकर मोहित अरोड़ा एक बार फिर शहर में चर्चा और विवादों के केंद्र में आ गए हैं।

