राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के 29 अगस्त को न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होने वाले ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ कार्यक्रम को लेकर विवाद बढ़ गया है। कार्यक्रम के आयोजकों में शामिल अमेरिकन हिंदूज फॉर एंगेजमेंट एंड डायलॉग (AHEAD) का X अकाउंट गुरुवार को सस्पेंड कर दिया गया। हालांकि, अकाउंट सस्पेंड किए जाने का कारण तत्काल स्पष्ट नहीं हुआ है।
कार्यक्रम रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, इसका उद्देश्य एकता, नागरिक जिम्मेदारी और वैश्विक सद्भाव का संदेश देना है। इसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोगों की भागीदारी प्रस्तावित है। करीब 5,000 लोगों के शामिल होने की संभावना है।
HAF ने लोगों से सतर्क रहने को कहा
एक अन्य आयोजक हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) ने सुरक्षा एडवाइजरी जारी कर कार्यक्रम में आने वाले लोगों से सतर्क रहने और किसी भी टकराव से बचने की अपील की है। HAF का आरोप है कि कुछ एक्टिविस्ट कार्यक्रम को रद्द कराने की कोशिश कर रहे हैं।
हालांकि, एडवाइजरी में किसी आतंकी या हिंसक खतरे की पुष्टि नहीं की गई है। संगठन ने संदिग्ध गतिविधि की सूचना सुरक्षा अधिकारियों को देने और आपात स्थिति में 911 पर कॉल करने की सलाह दी है।
ममदानी समेत कई संगठनों का विरोध
न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने भी कार्यक्रम का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि वह ‘बांटने वाली विचारधारा’ का समर्थन नहीं करते, हालांकि कार्यक्रम रद्द करने का अधिकार उनके पास नहीं है। हिंदूज फॉर ह्यूमन राइट्स, इंडियन अमेरिकन मुस्लिम काउंसिल और इंटरफेथ सेंटर ऑफ न्यूयॉर्क समेत कई संगठनों ने भी कार्यक्रम पर आपत्ति जताई है।
USCIRF की टिप्पणी से भी बढ़ा विवाद
भागवत के दौरे से पहले अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता आयोग (USCIRF) ने RSS पर प्रतिबंध लगाने और उसके नेताओं को राजनयिक सुविधाएं न देने की सिफारिश की थी। भारत ने इसे खारिज करते हुए USCIRF को ‘पक्षपाती संस्था’ बताया। भागवत इससे पहले 2018 में अमेरिका गए थे, जहां उन्होंने शिकागो में वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस में मुख्य भाषण दिया था।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


