संजय पाटीदार, भोपाल। राजधानी भोपाल में मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक गाड़ी में कथित तौर पर ब्लास्ट दिखाए जाने का मामला अब गरमा गया है। इस घटना को लेकर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इसे एक सुनियोजित साजिश करार देते हुए आरोपियों पर कड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई करने की मांग की है।
यह आतंकवादी प्रैक्टिस थी
विधायक रामेश्वर शर्मा ने इस घटना पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए कहा कि यह कोई सामान्य बात नहीं है। उन्होंने दिल्ली की एक घटना का हवाला देते हुए कहा, “दिल्ली में लाल किले के बाहर भी इसी तरह गाड़ी में ब्लास्ट किया गया था। यह एक तरीके का आतंकवादी प्रैक्टिस (रिहर्सल) किया जा रहा था। उन्होंने सुरक्षा और जनता की जान पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर ब्लास्ट के बाद गाड़ी के टुकड़े, काँच या आग वहाँ मौजूद आम लोगों पर गिरती, तो उसका ज़िम्मेदार कौन होता?
रासुका और हत्या के प्रयास का केस दर्ज करने की मांग
रामेश्वर शर्मा ने पुलिस प्रशासन से इस मामले में बिना किसी ढिलाई के सख्त एक्शन लेने की अपील की है। उनकी मुख्य माँगें निम्नलिखित हैं आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की जाए। मामले में शामिल लोगों पर ‘हत्या के प्रयास’ (अटेम्प्ट टू मर्डर) की धाराओं में केस दर्ज हो। इस बात की गंभीरता से जांच होनी चाहिए कि ब्लास्ट के लिए बारूद कहाँ से लाया गया था। उन्होंने सवाल उठाया, “क्या ये लोग धमाका करने आए थे या आतंकवादी थे? क्या करने फिर आ गए थे?”
अंतिम फैसला विधानसभा अध्यक्ष लेंगे
वहीं, कांग्रेस विधायक निर्मला सप्रे के भाजपा में शामिल होने और उनकी सदस्यता को लेकर चल रहे विवाद पर भी रामेश्वर शर्मा ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला फिलहाल विधानसभा में चल रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया- विधानसभा का क्या जवाब आता है, उसके बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा। कांग्रेस ने पहले जो नियम बनाए थे, वर्तमान में वही नियम चल रहे हैं। इस विषय पर जो भी अंतिम फैसला होगा, वह विधानसभा अध्यक्ष लेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

