० अवैध कोयला कारोबार मामले में कार्रवाई जारी, महिला समर्थकों के विरोध के बाद कुछ लोगों को घर के अंदर जाने की अनुमति

धनबाद। अवैध कोयला कारोबार की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार सुबह धनबाद के दो दर्जन से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई की खबर फैलते ही कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। इस दौरान लोयाबाद के कनकनी स्थित झामुमो नेता हरेंद्र चौहान के आवास पर भी ईडी की टीम ने तलाशी अभियान शुरू किया।

हरेंद्र चौहान, धनबाद नगर निगम के डिप्टी मेयर अरुण चौहान के भाई और धनबाद महानगर झामुमो के उपाध्यक्ष हैं। सुबह करीब 5:30 बजे पश्चिम बंगाल और रांची नंबर की गाड़ियों से पहुंचे ईडी के अधिकारी पुलिस बल के साथ उनके आवास पहुंचे और दोनों परिसरों को अपने कब्जे में लेकर तलाशी शुरू कर दी। सुरक्षा कारणों से किसी भी व्यक्ति को अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।

समर्थकों का विरोध, महिलाओं ने किया हंगामा

छापेमारी की सूचना मिलते ही हरेंद्र चौहान के समर्थक बड़ी संख्या में उनके घर के बाहर जुट गए। महिला और पुरुष समर्थकों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए घर के अंदर जाने की मांग की। कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

विरोध बढ़ने पर ईडी अधिकारियों ने कुछ महिलाओं को घर के भीतर जाने की अनुमति दी। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अधिकारी अपने साथ बैग लेकर अंदर गए हैं और आशंका जताई कि उनके नेता को साजिश के तहत फंसाने की कोशिश की जा सकती है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

ईडी ने साधी चुप्पी

छापेमारी के दौरान ईडी के अधिकारियों ने मीडिया से किसी भी तरह की जानकारी साझा नहीं की। फिलहाल तलाशी अभियान जारी है और एजेंसी पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। कार्रवाई अवैध कोयला खनन और उससे जुड़े वित्तीय लेनदेन की जांच के तहत की जा रही है।