महाराष्ट्र के प्रसिद्ध सिंहगढ़ किले पर पर्यटकों के दो गुटों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भारी बारिश और धुंध के बीच कई लोग आपस में हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मामले में समस्त हिंदू बांधव समाज से जुड़े आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
हाफ पैंट पहनने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुणे ग्रामीण पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार दोपहर करीब 2 से 5 बजे के बीच की है। एक निजी कंपनी में सीनियर मैनेजर अपने परिवार और दोस्तों के साथ तानाजी मालुसरे स्मारक के दर्शन के लिए सिंहगढ़ किले पहुंचे थे।
शिकायत के अनुसार, लौटते समय कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया और हाफ पैंट (शॉर्ट्स) पहनने पर आपत्ति जताई। इसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि तीन पुरुषों ने पर्यटक के साथ मारपीट और थप्पड़बाजी की। वहीं, एक महिला आरोपी ने उनकी पत्नी को भी कथित तौर पर घसीटा। पीड़ितों का आरोप है कि इस दौरान ‘हिंदू संस्कृति’ का पालन करने को लेकर भी तंज कसे गए।
चार पर्यटक समूहों को निशाना बनाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि इसी गुट ने किले पर अन्य पर्यटकों के साथ भी कथित तौर पर मारपीट की थी। इनमें एक महिला भी शामिल थी। आरोप है कि कुछ पर्यटकों को थप्पड़ मारे गए और प्लास्टिक की छड़ों से भी हमला किया गया, जिससे कई लोग घायल हुए।
आठ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पीड़ित परिवार ने किले से नीचे उतरकर पुलिस गश्ती दल को घटना की जानकारी दी। इसके बाद हवेली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने दंगा, गैरकानूनी जमावड़ा, मारपीट और आपराधिक धमकी समेत विभिन्न धाराओं में आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


