अमेरिका के इलिनॉय में एक हिंदू मंदिर में कथित गोलीबारी के प्रयास के बाद एक किशोर को गिरफ्तार किया गया. इस घटना ने पूजा स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाने की मांगों को और तेज कर दिया है. हमले की साजिश नाकाम होने के बाद दो अमेरिकी सांसदों ने संघीय जांच और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है. रो खन्ना और रिच मैककॉर्मिक ने अमेरिकी न्याय विभाग और FBI को पत्र लिखकर मामले की संभावित हेट क्राइम के तौर पर जांच करने को कहा है.

अमेरिकी सांसदों, नेताओं और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों ने इलिनॉय राज्य में एक मंदिर पर हमले की कथित साजिश की कड़ी निंदा की है.

अमेरिकी सांसदों ने इलिनॉय में मंदिर पर हमले की साजिश की कड़ी निंदा की है है और देश में बढ़ते भारत-विरोधी और हिंदू-विरोधी पूर्वाग्रह के खिलाफ कार्रवाई का आह्वान किया है. सांसदों ने अपने लेटर में लिखा कि आरोपी ने अपने एक सहकर्मी से कहा था कि वह भारतीय लोगों को मारना चाहता है.

सांसदों ने अपने लेटर के माध्यम से अमेरिकी न्याय विभाग और FBI को पत्र लिखकर बताया कि इलिनॉय के पैलेटाइन में रहने वाले 19 साल के युवक ने 11 अक्टूबर को ऑरोरा के एक हिंदू मंदिर पर हमला करने की योजना बनाई थी. स्थानीय पुलिस और FBI की शिकागो फील्ड ऑफिस की कार्रवाई के बाद आरोपी को पकड़ लिया गया.

सांसदों ने अपने लेटर में लिखा कि आरोपी ने भारतीयों के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया और ज्यादा से ज्यादा लोगों को नुकसान पहुंचाने की योजना का जिक्र था. अब सांसद चाहते हैं कि मामले की जांच इस पहलू से भी की जाए कि क्या यह संघीय कानून के तहत हेट क्राइम का मामला हो सकता है.

इलिनॉय से भारतीय-अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने कहा कि जब आरोपी ने हमले की कोशिश की, उस समय वह और उनका परिवार मंदिर में ही मौजूद थे. कृष्णमूर्ति ने एक बयान में कहा कि मैं इस बात से स्तब्ध हूं कि नस्लीय सोच में विश्वास रखने वाले एक व्यक्ति ने ऑरोरा स्थित उस मंदिर में भारतीय मूल के अमेरिकियों को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर गोलीबारी करने की कोशिश की, जहां मेरा परिवार पूजा करने जाता है.

पत्र में राज्य और स्थानीय पुलिस के साथ समय पर खतरे से जुड़ी जानकारी शेयर करने की मांग भी की गई है. सांसदों ने दक्षिण एशियाई समुदाय के पूजा स्थलों को सुरक्षा संबंधी संसाधन उपलब्ध कराने की अपील की है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m