अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो शनिवार को अपने चार दिवसीय भारत दौरे पर कोलकाता पहुंचे. 14 साल बाद कोई अमेरिकी विदेश मंत्री कोलकाता आया है. इससे पहले हिलेरी क्लिंटन ने 2012 में कोलकाता का दौरा किया था. रुबियो मदर टेरेसा हाउस ऑफ द मिशनरीज ऑफ चैरिटी पहुंचे. इसके बाद वे दिल्ली के लिए रवाना हो गए जहां उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने मुलाकात की तस्वीरें भी साझा की. पीएम मोदी ने मुलाकात को लेकर बताया कि श्री मार्को रूबियो का स्वागत करके मुझे खुशी हुई है.
इस मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने कहा कि हमने भारत-यूएस व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में लगातार हो रही प्रगति और क्षेत्रीय एवं वैश्विक शांति और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की. भारत और अमेरिका वैश्विक भलाई के लिए मिलकर काम करते रहेंगे. इस दौरान पीएम मोदी और रूबियो के बीच कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई. रूबियो ने भारत के प्रधानमंत्री को अमेरिका आने का न्योता भी दिया. इस बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल समेत अन्य सीनियर अफसर भी मौजूद रहे.
अमेरिकी राजदूत ने मीटिंग को लेकर क्या जानकारी दी
पीएम मोदी के अलावा बैठक को लेकर अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने एक्स पर मीटिंग की फोटो शेयर की. इसमें उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के साथ बैठक के लिए मार्को रूबियो के साथ शामिल होकर अच्छा लगा. हमने सुरक्षा, व्यापार, महत्वपूर्ण टेक्निकल क्षेत्रों में भारत और अमेरिका के सहयोग को बढ़ाने और गहरा करने को लेकर सार्थक चर्चा की. यह ऐसे क्षेत्र हैं, जो दोनों देशों के मजबूत करते हैं. भारत और अमेरिका एक महत्वपूर्ण साझेदार हैं.
कल जयशंकर के साथ रूबियो की द्विपक्षीय वार्ता
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो रविवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. इसके अलावा वह नई दिल्ली में होने वाली क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में भी शामिल होंगे. इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच ऊर्जा, व्यापार, निवेश, महत्वपूर्ण तकनीक और जन-जन के संबंधों को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है. साथ ही पश्चिम एशिया संकट और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति जैसे विषय भी बातचीत का हिस्सा रहेंगे.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

