भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में आहुत उत्तराखण्ड के विधानसभा सत्र की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई. दो दिन के इस सत्र में विपक्ष ने जमकर हंगामा किया. सत्र के दौरान कुल 10 विधेयक पारित किए गए. वहीं विपक्ष सदन की कार्यवाही के दौरान हंगामा करते हुए वेल में प्रवेश कर गया. जहां नेताओं ने कागज फेंके और काले झंडे लहराए. विपक्ष ने सत्र की अवधि बेहद कम होने का विरोध किया और जनता से जुड़े मुद्दों पर कम चर्चा का आरोप लगाया.

सत्र के दूसरे दिन करीब 1 बजकर 10 मिनट पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने सदन की कार्यवाही को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी. यानी दो दिन मिलाकर भी सत्र 11 घंटे भी नहीं चल सका.

इसे भी पढ़ें : Uttarakhand Weather: उत्तराखंड के 9 जिलों में बारिश का अलर्ट, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार

बता दें कि सत्र के पहले दिन उत्तराखंड सरकार ने 7,844.18 करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट (supplementary budget) पेश किया. इस सत्र की विशेषता ये रही कि राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में पहली बार एक साल के भीतर दो विधानसभा सत्र आयोजित होने का नया अध्याय जुड़ गया. इससे पहले इसी साल मार्च में भराड़ीसैंण में बजट सत्र आयोजित किया गया था. गैरसैंण में विधानसभा सत्र आयोजित करने की शुरुआत वर्ष 2014 में हुई थी. इसके बाद से यहां समय-समय पर विधानसभा की कार्यवाही संचालित होती रही है. हालांकि, कुछ वर्षों में यहां कोई सत्र आयोजित नहीं हुआ, जबकि कुछ वर्षों में एक बार विधानसभा सत्र आयोजित किया गया.

वर्ष 2014 में गैरसैंण में पहली बार तीन दिवसीय विधानसभा सत्र आयोजित किया गया. वर्ष 2015 और 2016 में दो-दो दिन तथा वर्ष 2017 में दो दिवसीय सत्र हुआ. वर्ष 2018 में विधानसभा की कार्यवाही छह दिन तक चली. वर्ष 2019 में यहां कोई सत्र आयोजित नहीं हुआ. वर्ष 2020 में पांच दिवसीय सत्र आयोजित किया गया, जबकि वर्ष 2021 में एक से छह मार्च तक भराड़ीसैंण में छह दिवसीय बजट सत्र चला.