देहरादून. उत्तराखंड में मंगलवार रात करीब 10:23 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. चमोली, चंपावत, बागेश्वर, उत्तरकाशी, देहरादून, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, पिथौरागढ़ और टिहरी समेत कई इलाकों में धरती कांपी. भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए. हालांकि, अभी तक किसी जिले से जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है. प्रशासन और संबंधित विभाग नुकसान का जायजा लेने में जुटे हैं.

इसे भी पढ़ें- मात्र 600 रुपये का झगड़ा और 3 कत्ल! देहरादून ट्रिपल मर्डर केस की इनसाइड स्टोरी पढ़कर हो जाएंगे हैरान

NCS के मुताबिक 4.9 रही भूकंप की तीव्रता

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.9 दर्ज की गई. भूकंप का केंद्र जमीन के अंदर करीब 13 किलोमीटर की गहराई में था. NCS के अनुसार इसका स्थान 30.103° उत्तरी अक्षांश और 79.561° पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया, जो चमोली क्षेत्र के आसपास पड़ता है.

बागेश्वर से रुद्रपुर और ऋषिकेश तक महसूस हुआ कंपन

बागेश्वर के कपकोट क्षेत्र की ग्राम पंचायत बोरबलडा और आसपास के इलाकों में लोगों ने तेज कंपन महसूस किया. ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर और काशीपुर में भी झटके महसूस किए गए. देहरादून के ऋषिकेश समेत आसपास के क्षेत्रों में भी लोग भूकंप के बाद घरों से बाहर निकल आए.

इसे भी पढ़ें- विकास कार्यों के लिए धामी सरकार ने दी 4 करोड़ की मंजूरी, आपदा प्रभावित परिवारों को भी राहत

एक महीने में 5 बार कांपी उत्तराखंड की धरती

NCS के रिकॉर्ड के मुताबिक पिछले एक महीने में उत्तराखंड में पांच भूकंपीय घटनाएं दर्ज की गईं. 1 सितंबर को बागेश्वर में 2.2, 8 सितंबर को चमोली में 2.9, 13 सितंबर को चमोली में 2.0, 26 सितंबर को बागेश्वर में 3.6 और 28 सितंबर को ऊधम सिंह नगर में 3.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज हुआ. इनमें सबसे ज्यादा तीव्रता 3.6 की 26 सितंबर को बागेश्वर में रही थी.