देहरादून. उत्तराखण्ड राज्य के समस्त जनपदों में (प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र-जिला पंचायत, हरिद्वार क्षेत्र को छोड़कर) जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन के लिए निर्वाचक नामावली तैयार कराये जाने के लिए समय-सारणी निर्धारित की गई है.

उक्त जानकारी देते हुए राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने बताया है कि दिनांक 08 सितम्बर, 2026 को निर्वाचक नामावलियों के आलेख का प्रकाशन, दिनांक 10 सितम्बर, 2026 को निरीक्षण एवं दावा आपत्ति दाखिल करने की अवधि, दिनांक 12 सितम्बर, 2026 को दावा-आपत्ति का निस्तारण और दिनांक 15 सितम्बर, 2026 को अंतिम रूप से तैयार निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा.

इसे भी पढ़ें : पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर CM धामी ने किया नमन, कहा- गुरु केवल अक्षर ज्ञान प्रदान करने वाले नहीं, बल्कि…

आयुक्त ने बताया कि निर्धारित समय-सारणी के अनुसार जिला मजिस्ट्रेट/रिटर्निंग ऑफिसर (जिला योजना समिति) द्वारा जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन हेतु जिला पंचायत तथा नगर स्थानीय निकायों के निर्वाचित सदस्यों की मतदाता सूची की तैयारी के कार्यक्रम का स्थानीय समाचार पत्रों में प्रचार-प्रसार कराया जाएगा और निर्वाचक मण्डल की जानकारी के लिए जिला मजिस्ट्रेट के कार्यालय और जिला पंचायत के मुख्यालय और सभी नगर स्थानीय निकायों के मुख्यालयों में प्रदर्शन कराया जाएगा. उन्होंने बताया समस्त कार्यवाही रिटर्निंग ऑफिसर, जिला मजिस्ट्रेट द्वारा सम्पन्न की जाएगी.