वैश्विक अनिश्चितता के बावजूद सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां, उत्तराखण्ड में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति बनाए हुए हैं. IOCL, उत्तराखण्ड के राज्य स्तरीय समन्वयक कृष्ण कुमार गुप्ता ने कहा कि तेल उद्योग अपने व्यापक आपूर्ति नेटवर्क के माध्यम से ईंधन की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से तैयार है, जिसमें टर्मिनल, डिपो, एलपीजी बॉटलिंग प्लांट और रिटेल आउटलेट शामिल हैं.
कृष्ण कुमार ने कहा कि सभी आउटलेट पर ईंधन वितरण सुचारू रूप से चल रहा है और निर्धारित सुरक्षा और परिचालन मानदंडों के अनुरूप बिना किसी प्रतिबंध के आपूर्ति जारी है. पूरी आपूर्ति श्रृंखला में पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं की प्रामाणिक मांगों को कुशलतापूर्वक पूरा करने के लिए निरंतर आपूर्ति की जा रही है.
इसे भी पढ़ें : सरकार को चाहिए कि…पैनेसिया हॉस्पिटल में हुए ब्लास्ट को लेकर हरीश रावत का बड़ा बयान, जानिए ऐसा क्या कह दिया ?
बता दें कि बीते दिनों तेल कंपनियों ने आपूर्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट की थी. हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की ओर से जारी जानकारी में बताया गया था कि राज्य में ईंधन आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह स्थिर है.
टर्मिनल्स और डिपो से लेकर पेट्रोल पंपों तक पूरी सप्लाई चेन सुचारु रूप से काम कर रही है. सभी स्थानों पर ईंधन स्टॉक की लगातार निगरानी की जा रही है और जरूरत के अनुसार ईंधन की पूर्ति की जा रही है. तेल कंपनियों के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी की आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है और पूरे राज्य में इसकी उपलब्धता सामान्य बनी हुई है. उपभोक्ताओं तक निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है.

