देहरादून. प्रतियोगी परीक्षाओं का इंतजार कर रहे लोगों के लिए खुशखबरी है. उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने राज्य सिविल-प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 (Uttarakhand PCS Notification 2026) के लिए भर्ती विज्ञापन जारी कर दिया है. जारी विज्ञापन के तहत प्रदेश में विभिन्न विभागों में कुल 67 पदों पर भर्ती की जाएगी. अभ्यर्थी 29 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.

जारी विज्ञापन में डिप्टी कलेक्टर, पुलिस उपाधीक्षक, जिला कमांडेंट होमगार्ड, वित्त अधिकारी, कोषाधिकारी समेत कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद शामिल हैं. इसमें डिप्टी कलेक्टर के 10 पद, जिला कमांडेंट, होमगार्ड के 2 पद, वित्त अधिकारी-कोषाधिकारी के 4 पद, सहायक निदेशक-लेखा परीक्षा के 8 पद, सहायक आयुक्त राज्य कर के 1 पद और सहायक नगर आयुक्त-अधिशासी अधिकारी श्रेणी-1 के 1 पद शामिल हैं.

इसे भी पढ़ें : कागजी जश्न बनाम दरकते पहाड़: हिमालय दिवस पर देहरादूनवासियों की दो टूक चेतावनी, बोले- अब दिखावा बंद करो

वहीं कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में उद्यान विकास अधिकारी श्रेणी-2 का 1 पद, विद्यालयी शिक्षा विभाग में उप शिक्षा अधिकारी-स्टाफ ऑफिसर-विधि अधिकारी का 1 पद, श्रम विभाग में सहायक श्रम आयुक्त का 1 पद, संस्कृत शिक्षा विभाग में सहायक निदेशक-उपसचिव का 4 पद, श्रम विभाग में सहायक निदेशक, कारखाना-बॉयलर के 2 पद और परिवहन विभाग में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी के 5 पद शामिल हैं.

इन पदों के लिए 56,100 से 1,77,500 रुपये तक का वेतनमान निर्धारित किया गया है. वहीं राज्य कर अधिकारी के लिए लेवल-7 और केस वर्कर के लिए लेवल-6 का वेतनमान है. कुल 67 पदों में 37 पद सामान्य श्रेणी, 13 पद अनुसूचित जाति, 11 पद अन्य पिछड़ा वर्ग और 6 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए निर्धारित किए गए हैं. आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 7 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 तक अभ्यर्थियों को अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र में संशोधन या परिवर्तन कर सकते हैं. आवेदन पत्र में किसी तरह की गलती होने पर निर्धारित अवधि के भीतर ही उसे सुधारना होगा. अंतिम तिथि के बाद आवेदन प्रक्रिया में बदलाव की अनुमति नहीं होगी. PCS परीक्षा-2026 की पूरी जानकारी आयोग की वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं.