अनुज कुमार पाण्डेय, गोपालगंज। उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में निर्माणाधीन टनल में बारिश के बाद पानी भरने व मलबा धंसने से हुए भीषण हादसे का दर्द गोपालगंज के भोरे तक पहुंच गया है। इस हादसे में भोरे प्रखंड के कल्याणपुर कुंभी टोला निवासी अवधेश पांडेय और उनका 20 वर्षीय पुत्र रोहित पांडेय तथा दिउलिया गांव निवासी नंदलाल घायल हो गए हैं। घायलों में रोहित पांडेय की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है, जिसे बेहतर इलाज के लिए ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।

रोजी-रोटी की तलाश में गया था रोहित

परिजनों ने बताया कि अवधेश पांडेय पहले से ही चमोली में बन रहे टनल प्रोजेक्ट में काम कर रहे थे।परिवार की आर्थिक स्थिति को संबल देने के लिए उन्होंने महज एक माह पूर्व ही अपने 20 वर्षीय बेटे रोहित पांडेय को भी वहां काम पर बुलाया था।रोहित अभी काम सीख ही रहा था कि अचानक कुदरत के कहर ने पूरे परिवार को गहरे संकट में डाल दिया। टनल में पानी भरने और मलबा धंसने से पिता-पुत्र दोनों उसकी चपेट में आ गए।

पत्नी बदहवास, बिलख पड़े बुजुर्ग दादा

घटना की सूचना जैसे ही रोहित के बुजुर्ग दादा बिशुनी पांडेय को चमोली जिला प्रशासन द्वारा फोन पर दी गई, परिवार में चीख-पुकार मच गई। रोहित की शादी हो चुकी है और उसकी एक छोटी सी दूधमुंही बेटी है. पति के गंभीर रूप से घायल होने की खबर सुनते ही पत्नी गुंजा पांडेय बदहवास हो गई हैं। घर पर मौजूद छोटा भाई मनीष कुमार पांडेय और बहन प्रीति कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, बेटे और पोते की सलामती के लिए दादा बिशुनी पांडेय और दादी हाथ जोड़े ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं।

ऋषिकेश के लिए रवाना हुई मां

हादसे की मनहूस खबर मिलने के बाद रोहित की मां सुबह ही ग्रामीणों के सहयोग से ऋषिकेश के लिए रवाना हो गईं। गांव में हर कोई रोहित की सलामती की दुआ कर रहा है। कल्याणपुर कुंभी टोला और दिउलिया गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और ग्रामीण टनल हादसे की पल-पल की जानकारी लेने में जुटे हैं।

अब तक 9 लोगों की मौत, 14 घायल

उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित पीपलकोटी में टीएचडीसी (टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड) की टनल में कल गुरुवार की बीती शाम धंसाव के साथ पानी का रिसाव हो गया था। टनल में पानी का रिसाव और भूस्खलन से कई कर्मचारी फंस गए, जिनकों निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। इस हादसे में अभी तक 9 लोगों की मौत, 14 घायल और तीन लापता लोगों की तलाश जारी है।

ये भी पढ़ें- बिहार में दर्दनाक हादसा: कुएं में जहरीली गैस से पिता-पुत्र समेत चार की मौत, गांव में पसरा मातम