Bihar News: बिहार के गयाजी जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां कुएं में मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आने से पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई। चारों मृतक करीब 30 फीट गहरे कुएं के अंदर उतरे थे। इसी दौरान कुएं में मौजूद जहरीली गैस की वजह से उनका दम घुट गया और सभी की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई।
दम घुटने से 4 लोगों की मौत
पूरा मामला जिले के डोभी प्रखंड स्थित करमौनी गांव का है। मिली जानकारी के अनुसार कुएं में लगी मोटर खराब हो गई थी, जिसे ठीक करने के लिए सबसे पहले एक ग्रामीण कुएं में उतरा था। नीचे उतरने के साथ ही कुएं में मौजूद जहरीली गैस के कराण उसका दम घुटने लगा और वह छटपटाने लगा। पिता को छटपटाता देख उसका बेटा भी कुएं में उतरा…..इस तरह एक-एक कर चार ग्रामीण कुएं में उतरे और जहरीली गैस की चपटे में आने से सभी की मौत हो गई।
फायर ब्रिगेड कर्मी भी हुआ बेहोश
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और थोड़ी ही देर में घटनास्थल पर लोगों की काफी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की ओर से इसकी सूचना पुलिस और स्थानीय प्रशासन को दी गई। जिसके बाद मौके पर पहुंची राहत एवं बचाव टीम ने कुएं से सभी शवों को बाहर निकाला। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान फायर ब्रिगेड का एक कर्मी भी बेहोश हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों में मचा कोहराम
मृतकों की पहचान उक्त गांव निवासी विजय चौधरी, विकास चौधरी, दिलचंद मांझी और चमारी मांझी के रूप में हुई है। इसमें विजय चौधरी और विकास चौधरी दोनों पिता-पुत्र हैं। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है। वहीं, मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाला है।
मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख का मुआवजा
शेरघाटी के डीएसपी ने बताया कि कुएं की गहराई करीब 30 फीट है। कुएं में मोटर से संबंधित काम करने के लिए ग्रामीण नीचे उतरे थे। इसी दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से हादसा हो गया। वहीं, डोभी बीडीओ ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले चारों लोगों के परिजनों को आपदा राहत कोष के तहत हर मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि दी जाएगी। फिलहाल पुलिस द्वारा घटना की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें- पथ निर्माण विभाग के इंजीनियर पर SVU की रेड, आय से अधिक संपत्ति मामले में एक साथ तीन ठिकानों पर छापेमारी


