मां नंदा की जात गुरुवार को वाण से गैरोली पातल होते हुए वेदनी के लिए रवाना हुई. मां नंदा की डोली के वाण से प्रस्थान के समय माहौल भावुक हो उठा. स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां नंदा की डोली को अगले पड़ाव के लिए विदाई दी. इस दौरान पूरा वाण क्षेत्र मां नंदा के जयकारों, जागरों और पारंपरिक मांगल गीतों से गूंजता रहा. श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर मां नंदा का आशीर्वाद लिया और यात्रा के सकुशल संपन्न होने की कामना की.
मां नंदा की जात के वाण से प्रस्थान के दौरान जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मां नंदा की डोली की विधिवत पूजा-अर्चना की. उन्होंने मां नंदा का आशीर्वाद लेते हुए प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं शांति की कामना की तथा मां नंदा की बड़ी जात के सकुशल एवं निर्विघ्न संपन्न होने की प्रार्थना की. पूजा-अर्चना के बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों, जागरों और जयकारों के बीच मां नंदा की डोली को अगले पड़ाव के लिए विदाई दी गई.
इसे भी पढ़ें : पीएम मोदी के जन्मदिन पर गंगोत्री धाम में हुई विशेष पूजा अर्चना, स्वस्थ और दीर्घायु जीवन के लिए की गई कामना
राज जात में 40 से अधिक छंतोलियों के साथ सैकड़ों देव निशान और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए हैं. वाण से प्रस्थान के दौरान पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन, जागरों और मांगल गीतों के बीच मां नंदा की डोली आगे बढ़ी. डोली के साथ चल रहे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और श्रद्धा का भाव देखने को मिला. ग्रामीणों ने अपनी परंपरा और लोक संस्कृति के अनुरूप मां नंदा को विदाई दी.
मां नंदा की जात के वाण से प्रस्थान से पूर्व जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने यात्रा पड़ाव पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग एवं पड़ाव पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के आगामी पड़ावों पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए. उन्होंने यात्रा मार्ग एवं पड़ावों पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए.
इसे भी पढ़ें : ‘सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं’, टॉपर्स से बोले मुख्य सचिव- मेहनत ही लक्ष्य तक पहुंचाएगी
मां नंदा की जात को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा यात्रा मार्ग एवं सभी प्रमुख पड़ावों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए वरिष्ठ अधिकारी लगातार यात्रा मार्ग एवं पड़ावों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं. जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से पर्वतीय मार्ग एवं मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने, निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करने तथा यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है. प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया है.



