सक्ति। जिले के ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर हादसे के बाद जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से हालात अब नियंत्रण में बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तेजी से राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया, जिससे घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका। इस बीच घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। इस हादसे को लेकर सामने आए ताजा अपडेट के अनुसार मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है, जबकि दो दर्जन से अधिक मजदूर घायल हैं।

कलेक्टर-SP मौके पर पहुंचे, संभाली कमान

हादसे की जानकारी मिलते ही कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मौके पर ही राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया और टीमों का नेतृत्व करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

घायलों को प्राथमिकता से पहुंचाया अस्पताल

प्रशासन ने तत्काल एम्बुलेंस, चिकित्सा दल और अन्य जरूरी संसाधनों को सक्रिय किया। घायलों को प्राथमिकता के आधार पर अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अधिकारियों के अनुसार सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि हादसे के हर पहलू की गहन जांच कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

कलेक्टर ने कहा कि “घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन की पूरी टीम तत्काल सक्रिय हो गई। प्राथमिकता के आधार पर घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया है। सभी को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

लगातार जारी है राहत और बचाव कार्य, अलर्ट मोड में प्रशासन – SP प्रफुल्ल ठाकुर

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। घायलों को तेजी से अस्पताल पहुंचाया जा रहा है और स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रहा है। जिला प्रशासन द्वारा निरंतर मॉनिटरिंग करते हुए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि राहत एवं उपचार कार्यों में किसी प्रकार की कमी न हो। सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड में रखते हुए समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं।

जिला प्रशासन लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है ताकि राहत और उपचार कार्यों में किसी तरह की कमी न रहे। सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड में रखते हुए समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं।

हादसे में 10 की मौत, 16 के करीब घायल

वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट हादसे में मृतकों की संख्या 3 से बढ़कर 10 पहुंच गई है। वहीं इस घटना में करीब 16 मजदूर घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है। यह हादसा डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघीतराई स्थित प्लांट में हुआ, जहां अचानक बॉयलर फटने से अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों के साथ रायगढ़ के निजी और सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक कई घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H