संजय वाणी, आलीराजपुर। आलीराजपुर जिले की प्रतिभाशाली निशानेबाज वेदिका महेश पटेल ने 29वीं एमपी स्टेट 22 राइफल शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है। इंदौर स्थित बीएसएफ रियोटी रेंज में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में वेदिका ने यूथ, जूनियर और सीनियर व्यक्तिगत वर्ग में तीन रजत पदक अपने नाम किए, जबकि टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर जिले के लिए एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि दर्ज की।
वेदिका की इस शानदार सफलता ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। सीमित सुविधाओं के बावजूद उन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और आलीराजपुर जिले का गौरव बढ़ाया। इस उपलब्धि पर जिला कलेक्टर नीतू माथुर, पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह, जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी संतरा निनामा सहित जिले के खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों और नागरिकों ने वेदिका को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
ये भी पढ़ें: 1 लाइक और सीधे FIR… शासकीय कर्मचारियों के लिए सोशल मीडिया कोड ऑफ कंडक्ट लागू, उल्लंघन पर होगी जेल
जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी संतरा निनामा ने बताया कि वेदिका ने बिना नियमित एवं उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें निरंतर और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए तो वे भविष्य में राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए देश का नाम रोशन कर सकती हैं।
वेदिका पटेल की यह उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देती है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इस उपलब्धि पर जिला कलेक्टर नीतू माथुर, पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह, जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी संतरा निनामा सहित जिले के खेल प्रेमियों एवं खिलाड़ियों ने वेदिका को बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

