कुंदन कुमार, पटना। बिहार की राजनीति में उस समय हड़कंप मच गया जब बांकीपुर विधानसभा सीट से जन शक्ति जनता दल (तेज प्रताप यादव की पार्टी) की उम्मीदवार वीणा मानवी को पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी तब हुई जब वीणा मानवी ने अपना नामांकन दाखिल किया था जिससे इलाके में राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज हो गई है।

​गिरफ्तारी पर तेज प्रताप यादव का तीखा प्रहार

​इस घटना के बाद पार्टी प्रमुख तेज प्रताप यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपनी उम्मीदवार की गिरफ्तारी को पूरी तरह से गलत और बदले की राजनीति करार दिया है। तेज प्रताप ने कहा वीणा मानवी एक समर्पित समाज सेविका हैं और हमारे दल से चुनाव लड़ रही हैं। उनकी अचानक हुई गिरफ्तारी राज्य सरकार की हताशा को दर्शाती है।

​तेज प्रताप यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी सत्ताधारी दल के रूप में डर गई है और इसी बौखलाहट में यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि नामांकन के दिन ही वारंट कैसे और किन परिस्थितियों में जारी किया गया। फिलहाल दिल्ली में मौजूद तेज प्रताप ने चेतावनी देते हुए कहा मैं जल्द ही वापस आऊंगा और इस अन्याय का पूरा हिसाब लिया जाएगा। विपक्षी ताकतें हमें डराने की कोशिश कर रही हैं लेकिन हम झुकेंगे नहीं।

​राजनीतिक दांव-पेच और आगामी चुनौतियां

​वीणा मानवी की गिरफ्तारी ने बांकीपुर चुनाव के समीकरण को बदल दिया है। जन शक्ति जनता दल इसे सहानुभूति और अन्याय के खिलाफ लड़ाई के तौर पर भुनाने की कोशिश करेगी। जहां प्रशासन इसे एक कानूनी प्रक्रिया बता रहा है वहीं राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यह गिरफ्तारी चुनाव प्रचार के दौरान बड़ा मुद्दा बनेगी। अब देखना यह होगा कि चुनाव आयोग और स्थानीय प्रशासन इस स्थिति को कैसे संभालते हैं और क्या वीणा मानवी कानूनी पचड़ों के बीच अपना चुनाव अभियान जारी रख पाती हैं।