हरियाणवी डांसर सपना चौधरी को लेकर जारी विवाद के बीच उनके पति वीर साहू पहली बार रोहतक के महम चौबीसी चबूतरे से मीडिया के सामने आए हैं। वीर साहू ने खाप पंचायत के ऐतिहासिक मंच का निजी खुंदक या राजनीतिक मकसद के लिए इस्तेमाल न करने की अपील करते हुए भाषा की मर्यादा बनाए रखने की बात कही।
रोहतक। हरियाणवी सिंगर और डांसर सपना चौधरी को लेकर चल रहे विवाद के बीच उनके पति और सिंगर वीर साहू पहली बार खुलकर सामने आए हैं। रोहतक के महम चौबीसी चबूतरे पर आयोजित खाप पंचायत के बाद वीर साहू ने ऐसा बयान दिया, जिसने इस पूरे विवाद को एक नया मोड़ दे दिया है। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि खाप पंचायत के ऐतिहासिक मंच का इस्तेमाल किसी की निजी खुंदक निकालने या राजनीतिक मकसद के लिए नहीं होना चाहिए।
वीर साहू ने कहा कि महम चौबीसी के चबूतरे की अपनी मर्यादा है। उन्होंने कहा, “महम चौबीसी के चबूतरे की अपनी मर्यादा है। यहां आकर अगर कोई निजी खुंदक निकालता है, तो उससे ज्यादा जलील आदमी कोई नहीं हो सकता।”
उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र हुड्डा को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है, लेकिन अपनी बात रखते समय भाषा की मर्यादा का ध्यान रखना भी जरूरी है। वीर साहू ने यह भी स्पष्ट किया कि धर्मेंद्र हुड्डा से उनकी कोई निजी बातचीत या संपर्क नहीं है।
सपना चौधरी पर टिप्पणी के बाद शुरू हुआ विवाद
दरअसल, यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब जाट आंदोलन के मामलों में भगोड़े बताए जा रहे धर्मेंद्र हुड्डा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया। वीडियो में उन्होंने सपना चौधरी पर हरियाणा में अश्लीलता फैलाने जैसे आरोप लगाए और कई विवादित टिप्पणियां भी कीं। इसके बाद यह मामला लगातार तूल पकड़ता गया और महम चौबीसी में खाप पंचायत आयोजित की गई।
‘हमारा रिश्ता निजी मामला है’
वीर साहू ने सपना चौधरी के साथ अपने रिश्ते को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पति-पत्नी के बीच होने वाले प्यार, मतभेद या विवाद निजी मामले होते हैं और इन्हें सार्वजनिक बहस का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, “हमारे बीच प्यार हो, विवाद हो या कोई और बात, वह हमारा निजी मामला है। महादेव और पार्वती के बीच भी मतभेद होते थे।”
पंचायत में युवाओं की बात सुने जाने की भी उठी मांग
वीर साहू ने कहा कि पंचायतों का उद्देश्य समाज को सही दिशा देना है, लेकिन युवाओं को भी अपनी बात रखने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि कई युवा अपनी बात नहीं रख पाने के कारण पंचायत से चले गए।
सपना चौधरी ने कोर्ट का लिया था सहारा
इससे पहले सपना चौधरी ने दिल्ली की द्वारका कोर्ट में घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत याचिका दायर की थी। अदालत के अंतरिम आदेश में वीर साहू को सपना चौधरी से किसी भी माध्यम से संपर्क नहीं करने और उनके घर या कार्यस्थल के आसपास नहीं जाने का निर्देश दिया गया था। यह मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।
हालांकि, धर्मेंद्र हुड्डा द्वारा सपना चौधरी पर लगाए गए आरोप उनके व्यक्तिगत दावे हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और सपना चौधरी की ओर से इस मामले में अलग पक्ष भी सामने आया है।


