देहरादून. उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज बसंत विहार, देहरादून में पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेवानिवृत्त) के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. उपराष्ट्रपति सी.पी राधाकृष्णन ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की और दिवंगत की आत्म शांति के लिए प्रार्थना की.

खंडूड़ी के निधन पर बुधवार को राज्य सरकार द्वारा सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शासन ने इस बारे में आदेश जारी कर दिए हैं. आदेश के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी के आकस्मिक निधन के कारण, प्रदेश में 19 मई से 21 मई तक तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है, इस दौरान समस्त सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे. साथ ही कोई शासकीय मनोरंजन के कार्यक्रम भी आयोजित नहीं किए जाएंगे.
इसे भी पढ़ें : उत्तराखंड के पूर्व CM बी. सी. खंडूरी का निधन, राष्ट्रपति मुर्मु, PM मोदी और राजनाथ सिंह ने जताया दुख

2 बार रह चुके हैं शामिल
2007 में पहली बार खंडूरी उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बने थे. मार्च 2007 से लेकर जून 2009 तक राज्य की कमान संभाली थी. इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक सुधार, सड़क निर्माण और पारदर्शिता को लेकर कई अहम फैसले लिए. हालांकि, 2009 के लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था. 2011 में एक बार फिर उन्हें उत्तराखंड का मुख्यमंत्री बनाया गया था. उन्होंने सितंबर 2011 से लेकर मार्च 2012 तक दूसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया था.

