लखनऊ। प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र स्थित कुकुरकटवा गांव में हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड के पीड़ित परिवार ने बुधवार शाम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग की। इस दौरान प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी भी मौजूद रहे।
पीड़ित परिवार के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को घटना की पूरी जानकारी देते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, आर्थिक सहायता और सुरक्षा की मांग उठाई। साथ ही आरोपियों की संपत्ति पर बुलडोजर कार्रवाई किए जाने की भी मांग की गई। मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वालों में राम निरंजन गुप्ता, अमरनाथ गुप्ता, पवन गुप्ता, मुकेश गुप्ता, विशेष गुप्ता, राधा गुप्ता, लोकपति गुप्ता और चंद्रिका प्रसाद साहू शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने दिलाया न्याय का भरोसा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा देते हुए कहा कि राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों को कठोर से कठोर सजा दिलाई जाएगी तथा पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
READ MORE: यूपी में लगेंगी एआई आधारित हेल्थ मशीनें, जांच में होगी सहूलियत
किसी भी आरोपी को बख्शा नही जाएगा
औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने बताया कि उन्होंने 19 जून को मेजा के कुकुरकटवा गांव पहुंचकर पीड़ित परिजनों से मुलाकात की थी और उन्हें मुख्यमंत्री से मिलाने का वादा किया था, जिसे अब पूरा किया गया है। उन्होंने दोहराया कि इस जघन्य वारदात में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसी कार्रवाई होगी जो मिसाल बनेगी।
READ MORE: राम मंदिर चंदा चोरी: 1600 आंखों वाला RMO अर्जुन देव, लूट के समय हो जाता था अंधा, मामला खुला तो…
यह है घटनाक्रम
बीते 15 जून की रात कुकुरकटवा गांव में श्याम लाल गुप्ता (65), इंद्रावती देवी (58) और अमरावती देवी (52) की निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस मुख्य आरोपी हिमांशु यादव समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद हिमांशु का इलाज अस्पताल में कराया गया था।

