धमेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की कथित ‘रेजिग्नेशन पार्टी’ के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। दावा किया जा रहा है कि एक होटल में CJP प्रवक्ता सौरव दास, आशुतोष रांका समेत कई छात्र एकत्र हुए और पार्टी की। वायरल वीडियो में कुछ लोग डांस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो पर अंग्रेजी में ‘Resignation Party’ लिखा हुआ है।

वायरल वीडियो में डांस करते दिखे सौरव दास

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में CJP प्रवक्ता सौरव दास डांस करते नजर आ रहे हैं। वहीं, एक अन्य वीडियो में एक लड़की ‘लड़की ब्यूटीफुल कर गई चुल’ गाने पर डांस करती दिखाई दे रही है। इन वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है और कई लोगों ने आंदोलन के बीच इस तरह की पार्टी आयोजित करने पर सवाल उठाए हैं।

महेश जेठमलानी ने उठाए सवाल

भाजपा के राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता महेश जेठमलानी ने भी इन वीडियो को लेकर सवाल उठाए। इसके जवाब में सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी प्रतिक्रिया दी और इसे नई पीढ़ी तथा Gen-Z के विरोध प्रदर्शन के तरीके से जोड़कर देखा।

सौरव दास बोले- ‘हम नाचते हुए भी विरोध कर सकते हैं’

सौरव दास ने कहा कि सरकार और कुछ लोग आज की Gen-Z तथा नई पीढ़ी की सोच और भाषा को समझ नहीं पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पीढ़ी जरूरत पड़ने पर सड़क पर बैठकर आंदोलन कर सकती है, नाचते हुए भी विरोध कर सकती है और कोल्ड कॉफी पीते हुए आंदोलन की रणनीति बना सकती है।

उन्होंने कहा कि बदलाव की लड़ाई लड़ने के लिए किसी तय छवि में दिखना जरूरी नहीं है। उनके मुताबिक, आज की पीढ़ी आत्मविश्वासी, रचनात्मक और मजबूत है, जिसे किसी एक तय छवि में बांधा नहीं जा सकता।

पार्टी में नजर नहीं आए अभिजीत दीपके

वहीं, अभिजीत दीपके इस कथित पार्टी में नजर नहीं आए। बताया जा रहा है कि उन्होंने रविवार को राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल से उनके आवास पर मुलाकात की। मुलाकात के बाद दीपके ने कहा कि सरकार से बातचीत चल रही है और कोशिश है कि किसी भी छात्र के खिलाफ मामला दर्ज न किया जाए। दीपके की कपिल सिब्बल से मुलाकात को कानूनी सलाह से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो और उनसे जुड़े दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m