चंडीगढ़। कॉकरोच जनता पार्टी ने हाल ही में अपने प्रवक्ता विजेता दहिया को उनके पद से हटा दिया है. पार्टी की तरफ से यह कड़ा कदम एक बर्गर विवाद के सामने आने के बाद उठाया गया है. पार्टी ने सोशल मीडिया पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि प्रदर्शनकारियों और पार्टी टीम पर पुलिस कार्रवाई के दौरान विजेता दहिया का वीडियो बेहद असंवेदनशील था. उनका ऐसा व्यवहार पार्टी के बुनियादी सिद्धांतों के बिल्कुल खिलाफ था, जिसके चलते उन्हें सभी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है.

विजेता दहिया मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत जिले के रहने वाले
विजेता दहिया मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत जिले के रहने वाले हैं. सोमवार को दिल्ली में संसद मार्च के दौरान उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें वे मेट्रो स्टेशन पर आराम से बर्गर खाते हुए नजर आए थे. इसके बाद उनका एक और वीडियो सामने आया जिसमें वे कार के अंदर बर्गर खाते हुए यह कहते सुने गए कि प्रदर्शन में शामिल होना उनकी नौकरी नहीं है और जनता ने उन्हें चुनकर नहीं भेजा है. इस विवादित बयान के सामने आने के बाद से ही उनके खिलाफ नाराजगी काफी बढ़ गई थी.
विवाद बढ़ने के बाद विजेता दहिया ने अपनी सफाई दी
विवाद बढ़ने के बाद विजेता दहिया ने अपनी सफाई देते हुए कहा कि वे पिछले दो रातों से लगातार आंदोलन में डटे हुए थे. उन्होंने कहा कि जब उन्हें लगा कि मार्च समाप्त हो गया है, तब वे घर जाने के लिए निकले थे और रास्ते में तेज भूख लगने की वजह से उन्होंने बर्गर खाया था. उनका कहना था कि भूख लगने पर हर इंसान खाना खाता है और उनके वीडियो को सोशल मीडिया पर गलत तरीके से पेश किया गया है.
दहिया ने अपनी बात रखते हुए यह भी कहा कि इस आंदोलन के दौरान पुलिस ने उनकी टीम के कई सदस्यों के साथ मारपीट की थी और उनके साथियों को चोटें भी आई थीं. लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर पूरी स्थिति को तोड़-मरोड़कर दिखाया गया. फिलहाल पार्टी ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें उनके पद से हटा दिया है, जिससे राजनीतिक गलियारों में इस घटना की काफी चर्चा हो रही है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

