कुंदन कुमार, पटना। बिहार की राजधानी पटना से एक हैरान और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, दरअसल महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए बिहार सरकार की ओर से शुरू की ‘पुलिस दीदी’ पहल में शामिल महिला पुलिसकर्मी भी अब खुद सुरक्षित नहीं हैं। दरअसल पूरा मामला रामकृष्णा नगर इलाके का है।
जहां, कल बुधवार की रात ‘पुलिस दीदी’ टीम की महिला पुलिसकर्मियों के साथ एक युवक द्वारा कथित तौर पर कमेंट बाजी करने और बदलसूकी करने का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं विरोध करने पर महिला पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट भी की गई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
मिली जानकारी के अनुसार ‘पुलिस दीदी’ पहल में शामिल पांच महिला पुलिसकर्मी रामकृष्णा नगर इलाके में स्कूटी पर सवार होकर इलाके में पेट्रोलिंग कर रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने कथित तौर पर उनपर कमेंट बाजी और बदतमीजी करनी शुरू कर दी। हद तो तब हो गई, जब महिला पुलिसकर्मियों ने इसका विरोध किया। आरोप है कि इस दौरान युवक के द्वारा उनके साथ मारपीट की गई, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
घटना से जुड़ा वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पेट्रोलिंग कर रही महिला पुलिसकर्मियों के साथ एक युवक धक्का-मुक्की और मारपीट दिखाई दे रहा है। वहीं, आसपास काफी लोगों की जमा भीड़ दिख रही है।
तो बेटियां कैसे सुरक्षित रहेंगी?
हाल के दिनों में जमुई से लेकर समस्तीपुर, मधेपुरा, गयाजी में जिस तरह से छात्राओं और युवक-युवतियों के साथ मारपीट और बदसलूकी की घटनाएं सामने आई हैं, उसे लेकर बिहार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहा था। वहीं, अब जब राजधानी पटना से यह घटना सामने आई है तो एक बार फिर से यह सवाल उठ रहा है कि, जब ‘पुलिस दीदी’ ही सुरक्षित नहीं, तो बेटियां कैसे रहेंगी?
ये भी पढ़ें- नीतीश आवास पर 3 घंटे चली हाईलेवल मीटिंग खत्म, अनंत-नीरज विवाद और CM के मुख्य सचिव पर हुई चर्चा

