भिवानी। हरियाणा के भिवानी जिले के सांगवान गांव स्थित सरकारी प्राइमरी स्कूल का एक वीडियो सामने आया है। इसमें स्कूल में रखे गेहूं और मूंगफली में कीड़े और चींटियां दिखाई दे रही हैं। स्कूल की रसोई की दीवारों में गहरी दरारें और खराब हालत में टॉयलेट भी वीडियो में दिखाए गए हैं। यह वीडियो कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की टीम ने ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत बनाया और जारी किया है।

CJP सदस्य लोकेश के मुताबिक, टीम 18 अगस्त को स्कूल पहुंची थी। टीम ने स्कूल में रखे राशन और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वीडियो में फर्श पर रखे गेहूं में सुरसरी और मूंगफली में चींटियां दिखाई दे रही हैं। टीम ने इस राशन को लेकर सवाल उठाए और मौके पर मौजूद ग्रामीण से भी पूछा कि क्या वह अपने बच्चों को ऐसा राशन खिलाना पसंद करेंगे। ग्रामीण ने इससे इनकार किया।
रसोई की दीवार में गहरी दरार
वीडियो में स्कूल के कुकिंग एरिया की दीवार में बड़ी दरार दिखाई दे रही है। CJP टीम ने इसे बच्चों और स्कूल में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए जोखिम बताया। इसके बाद टीम ने राशन रखने वाली टंकी खुलवाई।
टंकी से गेहूं निकाला गया। इसमें घुन और सुरसरी दिखाई दी। मूंगफली के पैकेट खोलने पर भी कीड़े नजर आए। वीडियो में स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (SMC) के सदस्य भी राशन की जांच करते दिख रहे हैं।
SMC के एक सदस्य ने दावा किया कि टंकी में रखा गेहूं कई महीने पुराना है। उन्होंने कहा कि गांव के लोगों को समय-समय पर स्कूल में आकर राशन और दूसरी व्यवस्थाओं की जांच करनी चाहिए।
टॉयलेट पर लिखा मिला ‘नॉट इन यूज’
वीडियो में स्कूल के टॉयलेट भी दिखाए गए हैं। CJP टीम का दावा है कि एक टॉयलेट पर ‘नॉट इन यूज’ लिखकर उसे बंद कर दिया गया है। दूसरे टॉयलेट की छत और दीवारें भी खराब हालत में दिखाई दे रही हैं।
टीम ने स्कूल की व्यवस्थाओं के साथ शिक्षकों की ड्यूटी को लेकर भी सवाल उठाए। वीडियो में बताया गया कि शिक्षकों को पढ़ाने के अलावा दूसरी सरकारी ड्यूटी भी करनी पड़ रही है।
40 बच्चों के लिए 3 शिक्षक, 2 की SIR में ड्यूटी
सांगवान के प्राइमरी स्कूल में करीब 40 विद्यार्थी पढ़ते हैं। स्कूल में तीन शिक्षक हैं। इनमें से दो शिक्षकों की SIR में ड्यूटी लगी हुई है। ऐसे में एक शिक्षक के जिम्मे स्कूल की पढ़ाई और दूसरी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी रह गई है।
गांव की सरपंच विद्या देवी के प्रतिनिधि बलजीत ने कहा कि उन्हें स्कूल के राशन में कीड़े मिलने की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि स्कूल को बेहतर तरीके से चलाने के लिए प्रयास किए जाते हैं।
DEEO बोले- खराब राशन बच्चों के खाने के लिए नहीं था
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (DEEO) विनय कुमार जिंदल ने वीडियो सामने आने के बाद मामले की जांच कराई। उन्होंने बताया कि वीडियो में दिख रहा खराब अनाज और राशन बच्चों के खाने के लिए नहीं था। इसे अलग रख दिया गया था और इसे नष्ट किया जाना था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
DEEO ने कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है। यह भी जांचा जाएगा कि स्कूल के तीन में से दो शिक्षकों की SIR में ड्यूटी कैसे लगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

