नवीन शर्मा,हांसी। जिले के गढ़ी गांव में बारिश के बाद खेतों में भारी जलभराव किसानों के लिए परेशानी बन गया है। खेतों में दो से तीन फीट तक पानी भरने से करीब 500 से 600 एकड़ में खड़ी धान और बाजरे की फसल खराब होने का दावा किया गया है। किसानों के मुताबिक आसपास के खेतों और गांवों का बरसाती पानी भी यहां आकर रुकता है। उनका कहना है कि पिछले करीब पांच साल से हर बारिश में यही स्थिति बन रही है।

पांच साल से जलभराव की समस्या

ग्रामीणों के अनुसार बारिश के बाद खेत तालाब में बदल जाते हैं। इस बार भी बड़ी मात्रा में पानी भरने से फसलें डूब गई हैं। किसानों का कहना है कि अब जमीन के नीचे का पानी भी ऊपर आ गया है।

किसानों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। उन्होंने मांग की है कि खेतों से जल्द पानी निकलवाया जाए या बर्बाद हुई फसल का उचित मुआवजा दिया जाए।

फसल खराब होने से बढ़ी किसानों की परेशानी

किसानों का कहना है कि वे पूरे साल फसल पर मेहनत और पैसा खर्च करते हैं। बारिश के बाद पानी भरने से उनकी पूरी मेहनत बर्बाद हो जाती है। ग्रामीणों के मुताबिक स्थिति ऐसी हो गई है कि उन्हें गेहूं तक खरीदकर खाना पड़ता है। पशुओं के लिए चारा भी बाहर से मंगवाना पड़ता है।

चार करोड़ का पंप सेट खराब होने का आरोप

ग्रामीणों के अनुसार बरसाती पानी की निकासी के लिए करीब चार करोड़ रुपये की लागत से पंप सेट लगाया गया था। किसानों का आरोप है कि यह पंप सेट खराब पड़ा है और लगाए जाने के बाद से ही प्रभावी तरीके से नहीं चल पाया।

किसानों ने सवाल उठाया कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद पानी की निकासी नहीं हो पा रही है तो इसका लाभ आखिर किसे मिला।

राजेंद्र सोरखी ने सरकार पर साधा निशाना

मौके पर पहुंचे आम आदमी पार्टी के जिला प्रधान राजेंद्र सोरखी ने कहा कि किसानों के खेतों से पानी निकालने के लिए ठोस इंतजाम नहीं हैं। उनके मुताबिक किसान हर साल अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रखते हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन मिलता है।

राजेंद्र सोरखी ने विधायक विनोद भयाना पर भी किसानों की समस्या की सुध नहीं लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से परेशान हैं और सरकार को इस समस्या पर तुरंत ध्यान देना चाहिए।

समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

राजेंद्र सोरखी ने चेतावनी दी कि अगर जलभराव की समस्या का जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आम आदमी पार्टी किसानों के समर्थन में आंदोलन करेगी। उन्होंने कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ भी आवाज उठाने की बात कही।

अब किसानों के सामने सबसे बड़ा सवाल जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान का है। ग्रामीण यह भी सवाल उठा रहे हैं कि चार करोड़ रुपये की लागत से लगाया गया पंप सेट खराब क्यों पड़ा है और पिछले पांच साल से चली आ रही समस्या का समाधान कब होगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m